ETV Bharat / state

बिहार में तेल के टैंकर से 28 लाख की विदेशी शराब बरामद, झारखंड से बरौनी खपाने की थी तैयारी

जमुई में उत्पाद विभाग ने तेल टैंकर से 28 लाख की विदेशी शराब बरामद की. चालक और उपचालक गिरफ्तार. देवघर से आ रही थी शराब.

LIQUOR RECOVERED FROM OIL TANKER
जमुई में शराब बरामद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 21, 2025 at 9:04 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जमुई: बिहार के जमुई जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक तेल टैंकर से लगभग 28 लाख रुपये कीमत की विदेशी शराब जब्त की गई. यह कार्रवाई आगामी नववर्ष को देखते हुए जिले में बढ़ाई गई सख्ती का हिस्सा है.

तेल टैंकर से निकली शराब की खेप: झाझा थाना क्षेत्र के दादपुर मोड़ के पास विभागीय टीम ने इंडियन ऑयल का स्टीकर लगा एक टैंकर रोका. संदेह होने पर गहन तलाशी ली गई तो टैंकर में तेल की जगह विदेशी शराब की पेटियां भरी मिली. कुल 283 पेटियां जब्त की गईं, जिनमें 7848 बोतलें और करीब 2529 लीटर अंग्रेजी शराब थी.

जमुई में शराब बरामद (ETV Bharat)

चालक और उपचालक गिरफ्तार: कार्रवाई के दौरान टैंकर चालक और उपचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार चालक की पहचान वैशाली जिले के सहाई गांव निवासी अशोक राय के पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है, जबकि उपचालक रहीमपुर गांव निवासी संतलाल राय के पुत्र गणेश कुमार है. दोनों से पूछताछ जारी है.

LIQUOR RECOVERED FROM OIL TANKER
चालक और उपचालक गिरफ्तार (ETV Bharat)

झारखंड से बरौनी जा रही थी खेप: प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह शराब की खेप झारखंड के देवघर से बरौनी ले जाई जा रही थी. तस्करों ने टैंकर को इंडियन ऑयल का बनाकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश की थी, लेकिन विभाग की मुस्तैदी से उनका प्लान नाकाम हो गया.

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई: यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में हुई. टीम में उत्पाद थाना प्रभारी गौरीशंकर कुमार, इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार और अन्य सदस्य शामिल थे. अधीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना मिलते ही वाहनों की सघन जांच शुरू की गई थी.

LIQUOR RECOVERED FROM OIL TANKER
तेल टैंकर से निकली शराब की खेप (ETV Bharat)

शराबबंदी पर सख्ती का संदेश: उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि उत्पाद विभाग की यह कामयाबी बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के प्रयासों को मजबूती देती है. मुख्य तस्कर का पता लगाने के लिए जांच जारी है, जिससे तस्करी के नेटवर्क पर और प्रहार होने की उम्मीद है.

"उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना पर तेल टैंकर से 2529 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 28 लाख रुपये है."-सुभाष कुमार, उत्पाद अधीक्षक, जमुई

तस्करों में दहशत: इस बड़ी बरामदगी से शराब तस्करों में दहशत फैल गई है. विभाग के सचिव और समाहर्ता के निर्देश पर नववर्ष को लेकर जिले भर में वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है. चारों ओर छापेमारी और चेकिंग जारी है.

ये भी पढ़ें-

बिहार में 1.50 करोड़ की शराब जब्त, हरियाणा से बिहार होनी थी सप्लाई

बिहार में उत्पाद विभाग की टीम पर 5-6 राउंड फायरिंग, अवैध खनन और शराब माफिया ने किया हमला