बिजली का करंट लगने से जींद में लाइनमैन की मौत, गुस्साए परिजनों ने जींद-गोहाना मार्ग पर लगाया जाम
हरियाणा के जींद में बिजली का करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई. इसके बाद गुस्साए परिजनों ने जींद-गोहाना मार्ग पर जाम लगा दिया.

Published : May 16, 2026 at 9:15 PM IST
|Updated : May 16, 2026 at 9:30 PM IST
जींद : हरियाणा के जींद के गांव भुरायण स्थित खेतों में शनिवार को बिजली लाइन को ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है. शनिवार शाम तक भी जब मृतक के शव के पोस्टमार्टम को लेकर कार्रवाई नही हुई तो परिजनों ने अस्पताल के सामने जींद-गोहाना मार्ग पर जाम लगा दिया. जाम लगने की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया जिस पर पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए चिकित्सक अस्पताल पहुंचा और मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया.
करंट लगने से लाइनमैन की मौत : गांव खोखरी निवासी रणबीर ने बताया कि उसका भाई बिजेंद्र 2012 में बिजली निगम में लाइनमैन के रूप में भर्ती हुआ था. 44 वर्षीय बिजेंद्र की ड्यूटी इस समय पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में थी. शनिवार को भुरायण गांव के खेतों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी. बिजेंद्र भुरायण गांव के खेतों में बिजली सप्लाई को ठीक करने के लिए गया था. उसने इसके लिए बिजली निगम से परमिट भी ले रखा था. जब वो पोल पर सप्लाई ठीक करके नीचे उतर रहा था तो अचानक करंट आ गया और बिजेंद्र इसकी चपेट में आ गया. बिजली के तेज झटके ने उसे ऊपर से नीचे फेंक दिया. उसके साथ मौजूद अन्य बिजली कर्मचारी और आसपास के लोगों ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम : पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस सूचना पाकर नागरिक अस्पताल में पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. बिजेंद्र के दो लड़के हैं. मृतक बिजेंद्र के शव का पोस्टमार्टम जल्द करवाने के लिए परिजनों ने पुलिस तथा स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा लेकिन लगातार देरी होती रही जिस पर गुस्साए परिजन जींद-गोहाना मार्ग पर आ गए. परिजनों का कहना था कि बिना शव के दाह संस्कार के घर में चूल्हा तक नहीं जलता है. मानवता के नाते ही स्वास्थ्य अधिकारियों को पोस्टमार्टम कर देना चाहिए था लेकिन ऐसा नही हुआ. जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की. परिजनों ने कहा कि जल्द से जल्द शव का पोस्टमार्टम करवाया जाए ताकि दाह संस्कार हो सके. बाद में चिकित्सक व सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : जींद के नेशनल हाईवे पर ट्रक में जा घुसी कार, नेशनल लेवल के जूडो खिलाड़ी नरेश की मौत
ये भी पढ़ें : जींद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दनादन हुई फायरिंग, 3 बदमाश गिरफ्तार

