भोपाल की चिनार ड्रीम सिटी में लिफ्ट गिरी, दो गंभीर रूप से घायल, सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल
मेंटेनेंस नहीं होने से हुआ हादसा, दो रहवासी घायल, पहले भी हो चुकी ऐसी ही घटना

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 8:33 PM IST
भोपाल : शहर के चिनार ड्रीम सिटी परिसर में लगी लिफ्ट गिरने से दो रहवासी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. लिफ्ट गिरते ही परिसर जोरदार आवाज आई, जिससे हड़कंप मच गया, परिसर में मौजूद लोगों ने अपनी सूझबूझ से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है,जहां उनका इलाज जारी है. दूसरी और चिनार ड्रीम सिटी में दूसरी बार हुए लिफ्ट हादसे ने रहवासियों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल पैदा कर दिए हैं.
मेंटेनेंस नहीं होने से हुआ हादसा, दो रहवासी घायल
भोपाल के मिसरोद इलाके में स्थित चिनार ड्रीम सिटी में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है. रहवासियों के लिए लगी लिफ्ट गिरने से एक रहवासी का पैर भी टूट गया है. बताया जा रहा है की लिफ्ट का रखरखाव लंबे समय से नहीं हुआ था, जिस कारण ये हादसा हुआ. हादसे के बाद से लोग लिफ्ट का उपयोग करने से बचते हुए नजर आ रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट अचानक तेज झटके के साथ नीचे आ गिरी, जिससे उसमें मौजूद लोग बुरी तरह घबरा गए और घायल हो गए.
पहले भी हो चुकी ऐसी ही घटना
चिनार ड्रीम सिटी में रहने वाली एक महिला ने कहा, '' ये बहुत बड़ी लापरवही है. इससे पहले भी एक घटना हो चुकी है, इसके बावजूद लिफ्ट को बंद नहीं किया गया. इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं. नई लिफ्ट लगाने का काम भी शुरू नहीं किया गया है जबकि हम लोग मेंटेनेंस भी पूरा देते हैं.''

मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, एसीपी मिसरोद डॉ. रजनीश कश्यप ने बताया, '' लिफ्ट गिरने को लेकर सूचना मिली थी. सूचना के बाद टीम को रवाना किया गया, लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल में एडमिट करवाया है. एक घायल के कमर और एक के पैर में चोट आई है. मामले को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसके अनुसार पुलिस कार्रवाई करेगी.''

यह भी पढ़ें-
कुछ ही दिन पहले इसी परिसर में लिफ्ट गिरने की एक और घटना हो चुकी है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई थी. लगातार दूसरी बार हुए इस हादसे ने बिल्डिंग प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

