एलजी ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय का किया दौरा, BRICS समिट के लिए तैयारियों की भी ली जानकारी
एलजी ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं को कम करने के उपायों पर जोर दिया.

Published : August 31, 2026 at 7:52 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव, जाम की समस्या व सड़क सुरक्षा को लेकर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय, टोडापुर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राजधानी में यातायात व्यवस्था की समीक्षा की. एलजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रैफिक जाम वाले स्थानों की पहचान कर वहां पहले से प्रभावी इंतजाम किए जाएं और संबंधित सभी एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर यातायात को सुचारू रखने के लिए काम किया जाए. बैठक में आगामी BRICS समिट को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तैयारियों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ट्रैफिक मुख्यालय प्रतीक्षा गोदारा के मुताबिक, बैठक के दौरान एलजी ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं को कम करने के उपायों पर जोर दिया. उन्होंने वरिष्ठ ट्रैफिक अधिकारियों से कहा कि सड़क अनुशासन को लेकर सख्ती के साथ-साथ लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए. उनका कहना था कि सुरक्षित सड़कों व बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए तकनीक के इस्तेमाल के साथ नागरिकों और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है.
Reviewed the functioning of the @dtptraffic at Traffic Police Headquarters, Todapur, today.
— LG Delhi (@LtGovDelhi) August 31, 2026
Directed the senior traffic leadership to work in close coordination with all concerned agencies to ensure smoother traffic movement, stricter enforcement of road discipline and proactive… pic.twitter.com/BN4thqtm0E
एलजी ने ट्रैफिक पुलिस नेतृत्व को निर्देश दिया कि दिल्ली के उन प्रमुख स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है. इन जगहों पर यातायात के दबाव को देखते हुए पहले से योजना तैयार करने व जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती समेत अन्य उपाय करने पर जोर दिया गया. इसके साथ ही संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर सड़क व यातायात से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने को कहा गया.
बैठक में एलजी को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई. अधिकारियों ने ट्रैफिक पाठशाला के बारे में बताया, जिसके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सड़क सुरक्षा व नियमों के प्रति जागरूक किया जाता है. इसके अलावा ट्रैफिक पंचायत के जरिए नागरिक एजेंसियों और अन्य संबंधित हितधारकों को यातायात व्यवस्था सुधारने की प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस ने एलजी को खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियानों की भी जानकारी दी.
BRICS समिट के लिए फुलप्रूफ ट्रैफिक प्लान
बैठक में आगामी BRICS समिट को लेकर अधिकारियों ने बताया कि समिट के दौरान विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख, विदेशी गणमान्य व्यक्ति तथा शीर्ष प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में मौजूद रहेंगे. इसे देखते हुए वीआईपी व विदेशी मेहमानों की आवाजाही के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की जा रही है.
ट्रैफिक पुलिस ने एलजी को भरोसा दिलाया कि विदेशी राष्ट्राध्यक्षों व गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री और अन्य मंत्रियों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही के लिए टेक्नोलॉजी आधारित और फुलप्रूफ व्यवस्था तैयार की जा रही है. इसके साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि समिट के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े.
ये भी पढ़ें:

