ETV Bharat / state

बिहार में बढ़ेगा धान खरीद का लक्ष्य, दिल्ली दौरे से लौटकर बोलीं मंत्री लेसी सिंह

लेसी सिंह ने बिहार में धान खरीद का टारगेट बढ़ाने को लेकर दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की. पढ़ें पूरी खबर..

Leshi Singh
लेसी सिंह (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 18, 2026 at 5:45 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार में इस बार धान खरीद का लक्ष्य केंद्र सरकार ने घटा दिया था. साथ ही 28 फरवरी तक ही धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है. जिस वजह से किसानों में नाराजगी है. ऐसे में इसको लेकर बिहार सरकार की खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह पिछले दिनों दिल्ली गईं थीं. जहां केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों से आश्वासन मिला है.

धान खरीद को लेकर लेसी सिंह का दावा: मंत्री लेसी सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी से मिलकर तीन मांगें रखीं हैं. धान खरीद का लक्ष्य पिछले साल के 45 लाख मैट्रिक टन से घटाकर इस बार 36 लाख 85000 मैट्रिक टन कर दिया गया है. उसे बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिसके लिए आश्वासन मिला है.

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह (ETV Bharat)

प्रह्लाद जोशी से मिला आश्वासन: वहीं खरीद की तिथि भी 28 फरवरी से बढ़ाने की मांग हम लोगों ने किया है. उस पर भी आश्वासन मिला है. लेसी सिंह ने कहा इसके अलावे 6000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार के पास विभिन्न मद में बकाया था तो उसको लेकर भी आश्वासन केंद्रीय मंत्री ने दिया है.

अमित शाह से भी मिलीं मंत्री: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि चूकि यह मामला सहकारिता से भी जुड़ा हुआ है. लिहाजा केंद्रीय गृह सह सहकारिता मंत्री अमित शाह से भी उनकी मुलाकात हुई. उन्होंने उनकी पूरी बात सुनी है और इसे गंभीरता से लिया है. हमें उम्मीद है कि किसानों से जुड़ी उनकी समस्या का जल्द समाधान होगा.

राशन कार्ड की जांच: मंत्री ने कहा कि बिहार में राशन कार्ड को लेकर भी अभियान चल रहा है. ई-केवाईसी के जरिये 50 लाख से अधिक राशन कार्ड की जांच हो रही है, जिसमें से 5 लाख से अधिक राशन कार्ड को गड़बड़ी के कारण रद्द कर दिया गया है. लेसी सिंह ने कहा कि हमारी सरकार को आम लोगों और किसानों की चिंता है.

"किसानों की समस्या और धान क्रय में होने वाली परेशानियों को लेकर मैंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की. सकारात्मक बात हुई है. इस प्रयास से आने वाले दिनों में किसानों को फायदा होगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा किसानों के हित में फैसला लेते रहे हैं, उसी कड़ी में हम लोगों का प्रयास जारी है."- लेसी सिंह, मंत्री, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग

ये भी पढे़ं: अब ATM से मिलेंगे अनाज, बिहार ने केंद्र सरकार के प्रस्ताव को किया स्वीकार, जानें पूरा प्रोसेस