ETV Bharat / state

हापुड़ में सरसों की खेत में दहाड़ रहा था तेंदुआ, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, फर्रुखाबाद में 6 शिकारी गिरफ्तार

दिल्ली और मथुरा से टीम बुलाई गई, कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को जाल डालकर पकड़ लिया गया है.

Photo Credit; ETV Bharat
सरसों के खेत में तेंदुए की दहाड़ सुन उड़े ग्रामीणों के होश. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 4, 2026 at 6:26 PM IST

|

Updated : January 4, 2026 at 8:34 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हापुड़/फर्रुखाबाद/फिरोजाबाद: हापुड़ के एक गांव में खेतों में तेंदुए की दहाड़ आने से हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. टीम जब मौके पर पहुंची तो सरसों के खेत में बैठा हुआ तेंदुआ जोर-जोर से दहाड़ रहा था. विभाग की टीम ने इसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी. तेंदुए को पकड़ लिया गया है. वहीं फर्रुखाबाद में 2 नीलगायों के शिकार के मामले में वन विभाग ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसी के साथ फिरोजाबाद में सांभर प्रजाति के एक हिरण की मौत के बाद उसके सींग काटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी ग्रामीण को गिरफ्तार किया.

Video Credit; ETV Bharat (Video Credit; ETV Bharat)

हापुड़ में तेंदुआ: मामला जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र का है. जहां रविवार को खेतों पर काम कर रहे किसानों को तेंदुए के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी. जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी. फारेस्ट डिपार्टमेंट की टीम ने तुरंत अपने अधिकारियों को सूचना दी. फुट ट्रैप में फंसे तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए दिल्ली और मथुरा से टीम बुलाई गई. टीम करीब 6:00 बजे के लगभग मौके पर पहुंची और तेंदुए का रेस्क्यू करने में जुट गई. कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने तेंदुए को बेहोश कर उसका रेस्क्यू किया और स्वास्थ्य की जांच के लिए टीम तेंदुए को अपने साथ ले गई.

बता दें, बाबूगढ़ और सिंभावली के आसपास लगातार ग्रामीणों को तेंदुआ नजर आ रहा था. तेंदुए की ग्रामीणों ने कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल की थी. जिसके बाद लगातार वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने का प्रयास कर रही थी लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आ रहा था. जिससे ग्रामीणों में लगातार दहशत बनी हुई थी. लेकिन आज वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ लिया है. वन विभाग के अधिकारी मुकेश कांडपाल ने बताया कि तेंदुए की आवाज आने की सूचना प्राप्त हुई. वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची.

डीएफओ अर्शी मलिक ने बताया कि तेंदुए का सफल रेस्क्यू कर लिया गया है. उसका हेल्थ चेकअप होगा. तेंदुआ अगर स्वस्थ पाया जाता है तो उसको जंगल में छोड़ दिया जाएगा.

फर्रुखाबाद में नीलगाय के शिकारी गिरफ्तार: दो नीलगायों के शिकार के मामले में वन विभाग ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से 5 आरोपी फिरोजाबाद के निवासी हैं. आरोपियों के पास से 2 नीलगाय के शव, हथियार, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए गए. मामला दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया है.

डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. सूचना मिली थी कि मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के रोहिल्ला गांव में नीलगायों का शिकार हुआ है और शिकारी मौके पर मौजूद हैं. डीएफओ कुमार ने बताया कि ये शिकारी पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं.

सूचना के आधार पर वन क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और शिकारियों की घेराबंदी की गई. आरोपियों में फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ निवासी आसिफ, इमामुद्दीन अली, कोहिनूर रोड निवासी अब्दुल, शाहबाज, मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी आर्यांस और दुदौली निवासी शिव शामिल हैं. बताया गया है कि आर्यांस ने ही इन सभी को शिकार के लिए बुलाकर लाया था.

फिरोजाबाद में हिरण की मौत: सांभर प्रजाति के एक हिरण की मौत के बाद उसके सींग काटने के मामले में पुलिस ने आरोपी ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया है. वन विभाग की तरफ से उसके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था. पुलिस ने उसे रविवार को जेल भेज दिया.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि यह हिरण मरा पड़ा था. उसने केवल घर में रखने के मकसद से उसके सींग काट लिए. तस्करी का उसका कोई इरादा नहीं था.

इस मामले में वन दारोगा महावीर ने जानकारी के आधार पर नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव आटेपुर निवासी दीपक उर्फ दीपा, अन्य छह अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के खिलाफ केस दर्ज कराया था.

इंस्पेक्टर नसीरपुर ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि इस मामले में आरोपी दीपा को गिरफ्तार कर लिया गया है. इंस्पेक्टर ने बताया कि दीपा का आपराधिक इतिहास नहीं है. आरोपी ने घर में रखने के मकसद से सींगों को काटा था.


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में तेंदुआ के हमले में महिला की मौत, जंगल में लकड़ी बिनने गई थी, एक महीने में तीन की गई जान

Last Updated : January 4, 2026 at 8:34 PM IST