पूर्व सांसद की कॉलोनी में लेपर्ड की दस्तक से फैली दहशत, सीसीटीवी में कैद हुआ मूवमेंट , वन विभाग ने चलाया सर्च ऑपरेशन
राजधानी जयपुर में रिहायशी इलाकों में लेपर्ड्स का मूवमेंट हो रहा है.

Published : November 8, 2025 at 11:46 AM IST
जयपुर : बीती रात को जयपुर के दुर्गापुरा स्थित लाल बहादुर नगर कॉलोनी में लेपर्ड की दस्तक से दहशत फैल गई. पूर्व सांसद रामचरण बोहरा की कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट हुआ है. घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरो में लेपर्ड की तस्वीरें कैद हुई है. सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन लेपर्ड पकड़ से दूर है.
क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत के मुताबिक शुक्रवार देर रात को दुर्गापुरा रिहायशी इलाके में लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया है. लोगों के सीसीटीवी कैमरे में लेपर्ड नजर आया. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. दुर्गापुरा की लाल बहादुर नगर कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट नजर आया था, हालांकि अभी तक लेपर्ड पकड़ में नहीं आया है. लेपर्ड से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. अंदेशा जताया जा रहा है कि लेपर्ड वापस जंगल में लौट गया हो. पास में ही झालाना जंगल है, जहां पर करीब 40 से अधिक लेपर्ड रहवास करते हैं. कई बार लेपर्ड झालाना जंगल से निकलकर रास्ता भटकते हुए आबादी क्षेत्र में आ जाते हैं. वन विभाग की टीम लगातार लेपर्ड को सर्च कर रही है.
इसे भी पढ़ें: बुजुर्ग ने दरवाजा बंद कर लेपर्ड को कैद किया, 4 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने पकड़ा
स्थानीय लोगों के मुताबिक बीती रात को दुर्गापुर इलाके में पूर्व सांसद रामचरण बोहरा की कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया है. लेपर्ड आने की सूचना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना कर दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी. हालांकि अभी तक लेपर्ड पकड़ में नहीं आ पाया है. सीसीटीवी कैमरो में लेपर्ड का मूवमेंट कैद हुआ है. सीसीटीवी कैमरे में एक लेपर्ड घरों के बाहर सड़क पर घूमता हुआ नजर आ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन आबादी क्षेत्र में लेपर्ड्स के मूवमेंट देखे जा रहे हैं. लेपर्ड्स के अटैक से जनहानि होने का डर रहता है. आबादी क्षेत्र में कुत्तों के शिकार के लिए लेपर्ड मूवमेंट कर जाते हैं. पिछले दिनों कई बार मालवीय नगर इलाके में भी लेपर्ड्स कुत्तों की शिकार के लिए आबादी क्षेत्र में मूवमेंट कर चुके हैं. वन विभाग की ओर से जंगलों में लेपर्ड्स के लिए भोजन पानी के पुख्ता इंतजाम करके उन्हें जंगलों में ही रोकने के प्रयास करने चाहिए.

