जमुई के जंगल में आराम करता दिखा तेंदुआ, पेट्रोलिंग टीम ने कैमरे में कैद की तस्वीर
बिहार के जमुई के जंगलों में तेंदुए की मौजूदगी के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. पढ़ें पूरी खबर

Published : May 22, 2026 at 5:58 PM IST
जमुई: बिहार में जमुई के जंगल में पहली बार तेंदुए की मौजूदगी दर्ज हुई है, जिसके बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है. मलयपुर वन क्षेत्र अंतर्गत बरहट डैम से गुरमाहा जाने वाले जंगली रास्ते में वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम ने तेंदुए को देखा और उसकी तस्वीरें भी कैमरे में कैद कीं. हालांकि लोगों की मौजूदगी के बाद वो जंगल की ओर निकल गया.
जमुई के सड़क किनारे बैठा दिखा तेंदुआ: मलयपुर वन क्षेत्र के रेंजर ऑफिसर सुशांत कुमार ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान टीम को जंगल के रास्ते में एक तेंदुआ आराम करता दिखाई दिया. टीम ने सतर्कता बरतते हुए उसकी तस्वीरें लीं, जिससे इस दुर्लभ वन्यजीव की मौजूदगी का प्रमाण मिला.

''मलयपुर वन क्षेत्र में नियमित गश्ती के दौरान तेंदुआ सड़क किनारे बैठा हुआ दिखा. उसे देखकर कुछ देर के लिए हम लोग चौंक गए. लेकिन तभी गाड़ी की आवाज सुनकर वो जंगल की तरफ निकल गया.'' - सुशांत कुमार, रेंजर ऑफिसर, मलयपुर वन क्षेत्र
जंगल में हरियाली बढ़ने का सकारात्मक परिणाम: वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि, यह घटना क्षेत्र के जंगलों में बेहतर प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों के लिए सुरक्षित माहौल का संकेत है. लंबे समय बाद किसी बड़े वन्यजीव की मौजूदगी सामने आने से पर्यावरण प्रेमियों में खुशी देखी जा रही है. स्थानीय ग्रामीण भी इसे जंगलों के संरक्षण और हरियाली बढ़ने का सकारात्मक परिणाम मान रहे हैं.
'जंगलों में हरियाली और जल स्रोतों की स्थिति बेहतर': जानकारों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में जंगलों में हरियाली और जल स्रोतों की स्थिति बेहतर हुई है. इससे वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है. तेंदुए की मौजूदगी भविष्य में इको-टूरिज्म और वन संरक्षण अभियान को भी नई पहचान दे सकती है. इससे लोगों में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है.

इस इलाके में तेंदुआ क्यों?: विशेषज्ञों के अनुसार तेंदुए जैसे वन्यजीव केवल उसी क्षेत्र में दिखाई देते हैं, जहां पर्याप्त भोजन, पानी और सुरक्षित आवास उपलब्ध हो. ऐसे में मलयपुर वन क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी जंगलों की समृद्ध जैव विविधता का संकेत मानी जा रही है.
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह: वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही न करें और किसी भी वन्यजीव को देखकर उसे परेशान करने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें.
ग्रामीणों में डर का माहौल: वहीं जंगल में तेंदुए की मौजूदगी की खबर जब ग्रामीणों को हुई तब से उनमें डर का माहौल है. ग्रामीण राजवीर ने कहा कि, इससे पहले भी जंगल जानवर को हम लोगों ने देखा है, लेकिन सड़क के आसपास तेंदुए का दिखना चिंता की बात है. हमारे मवेशी और बच्चे है, ऐसे में शाम के वक्त घर से निकलने में डर लगता हैं.
ये भी पढ़ें: गया के छकरबंधा जंगल में पहली बार दिखा बाघ, एक्सप्रेसवे साइट पर हड़कंप
ये भी पढ़ें: VTR के जंगल में अचानक सामने आ गया बाघ...बंध गई सबकी घिघ्घी..देखें फिर क्या हुआ.?

