ETV Bharat / state

लखीमपुर खीरी में महिला को घसीट ले गया तेंदुआ, इलाक़े में दशहत

एक दिन पहले ही इसी वन रेंज के रामपुर कला गांव में भी तेंदुए ने बुजुर्ग की जान ली थी.

तेंदुए के हमले में महिला की मौत
तेंदुए के हमले में महिला की मौत (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : June 16, 2026 at 8:00 AM IST

|

Updated : June 16, 2026 at 10:52 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

लखीमपुर खीरी: जिले के मझगई वन रेंज क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार की शाम ग्राम खालेपुरवा में पशुओं के लिए चारा लेने खेत गई एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. तेंदुआ महिला को गर्दन से दबोचकर जंगल की ओर घसीट ले गया. ग्रामीणों ने उसका पीछा किया, लेकिन बचाई नहीं जा सकी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. खास बात यह है कि एक दिन पहले ही इसी वन रेंज के रामपुर कला गांव में भी तेंदुए ने एक बुजुर्ग की जान ले ली थी.

जानकारी के अनुसार, खालेपुरवा गांव निवासी 50 वर्षीय कोकिला देवी पत्नी गेंदल सोमवार शाम पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर गई थी. उसी दौरान खेत के पास घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुए ने महिला की गर्दन अपने जबड़ों में दबोच ली और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर भाग निकला. महिला की चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहे उनके पति गेंदल और आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे. सभी ने शोर मचाते हुए तेंदुए का पीछा किया, लेकिन वह महिला को लेकर जंगल में चला गया.

पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों, पुलिस और वन कर्मियों ने खोज अभियान शुरू किया. करीब आधे घंटे की तलाश के बाद महिला का शव खेत से लगभग 50 मीटर दूर जंगल में बरामद हुआ. तेंदुए के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी. उसे पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

तेंदुए ने महिला की गर्दन, आंख और कान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था. मृतका अपने पीछे पांच पुत्रों और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

ग्रामीणों का कहना हैं कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे खेतों और जंगल के आसपास जाना जोखिम भरा हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.

मझगई वन रेंजर अंकित कुमार सिंह ने मृतका के पति को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की. साथ ही तेंदुए की निगरानी और उसे पकड़ने के लिए प्रभावित क्षेत्र में तीन पिंजरे लगाए गए हैं.

वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और कैमरों व अन्य संसाधनों की मदद से तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है, लेकिन देर रात तक मृतका के परिजनों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया है.

लगातार दो दिनों में दो लोगों की मौत के बाद मझगई वन रेंज क्षेत्र के गांवों में दहशत व्याप्त है. ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द खूंखार तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.


मझगई वन रेंजर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं तथा तेंदुए की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें.

यह भी पढ़ें: हृदय विदारक; लखीमपुर खीरी में पिता के सामने 7 वर्षीय बेटे को दबोच ले गया तेंदुआ, मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

यह भी पढ़ें: खौफ का अंत; मासूम की जान लेने वाला खूंखार तेंदुआ 76 घंटे बाद पिंजड़े में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Last Updated : June 16, 2026 at 10:52 AM IST