ETV Bharat / state

पौड़ी जिले में गुलदार के हमले में महिला की दर्दनाक मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पौड़ी जिले के खिर्सू ब्लॉक में गुलदार ने घास काटने गई महिला को बनाया निवाला, परिवार में मचा कोहराम, दहशत में आए ग्रामीण

PAURI GARHWAL LEOPARD ATTACK
गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद दहशत में ग्रामीण (फोटो सोर्स- Villagers)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : November 20, 2025 at 6:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पौड़ी: उत्तराखंड में मानव वन्यजीव संघर्ष के मामले लगातार डरा रहे हैं. आए दिन कहीं भालू का हमला तो कहीं गुलदार तो कहीं बाघ के हमले के मामले सामने आ रहे हैं. कहीं हाथी जान ले रहा है तो कहीं सांप के डसने से भी लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं. इसी कड़ी में पौड़ी जिले के खिर्सू ब्लॉक में गुलदार ने हमला कर एक महिला की जान ले ली है. जिससे पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है.

घास काटने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला: जानकारी के मुताबिक, पौड़ी जिले के खिर्सू ब्लॉक के कोटी गांव में गुलदार ने एक महिला को अपना निवाला बनाया है. बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह ही गिन्नी देवी गुरुवार शाम को घर से लगभग 300 मीटर दूर खेतों की ओर घास काटने गई थी. इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें अपना शिकार बना लिया.

गुलदार के हमले में गिन्नी देवी की मौके पर ही मौत: गुलदार के हमले में गिन्नी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. गुलदार ने इतना तेजी से हमला किया कि महिला को बचने तक का कोई मौका नहीं मिला. उधर, गुलदार के हमले की सूचना गांव में पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया. स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग जंगल के आस-पास जाने से भी डर रहे हैं. ग्रामीणों ने लगातार बढ़ रहे गुलदार के आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है.

PAURI GARHWAL LEOPARD ATTACK
दहशत में ग्रामीण (फोटो सोर्स- Villagers)

वन विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना: वहीं, गुलदार के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है. टीम गुलदार की गतिविधियों का पता लगाने के साथ क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने पर भी काम करेगी. वन विभाग ने ग्रामीणों से एहतियात बरतने, अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है.

बता दें कि पौड़ी जिले में पहले से ही भालुओं का आतंक बना हुआ है. बीती 17 नवंबर को भी भालू ने बीरोंखाल ब्लॉक के जिवई गांव में एक महिला को हमला कर दिया. हमले में महिला के चेहरे पर गहरे घाव हो गए. अभी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है. इसी बीच गुलदार के हमले ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है. लोग जंगल जाना तो दूर अब खेतों में भी जाने से डर रहे हैं. उन्हें डर है कि कहीं गुलदार या भालू या फिर बाघ उन पर हमला न कर दे.

ये भी पढ़ें-

  • पौड़ी के गांवों में गुलदार के बाद भालू का छाया आतंक, दहशत में ग्रामीण