नैनीताल में गुलदार के हमले में महिला की मौत, टिहरी में भालू ने ग्रामीण को किया घायल
हर साल में बढ़ रही मानव वन्यजीव संघर्ष की घटना, नैनीताल में महिला को बनाया निवाला, टिहरी में भालू के हमले में ग्रामीण बाल-बाल बचा

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 30, 2025 at 9:42 PM IST
नैनीताल/टिहरी: उत्तराखंड में शिकारी वन्यजीवों के हमले के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा मामला नैनीताल और टिहरी से सामने आया है. नैनीताल में जहां ओखलकांडा ब्लॉक में गुलदार ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया तो टिहरी में भालू ने एक व्यक्ति को जख्मी कर दिया. इन दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. साथ ही वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.
नैनीताल में घास काट रही महिला को गुलदार ने बनाया निवाला: जानकारी के मुताबिक, नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के चमोली गांव के कीटोड़ा तोक निवासी रेखा देवी पत्नी पान सिंह अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक रेखा पर हमला कर दिया. महिलाओं के शोर मचाने और रेखा देवी की चीखों के बावजूद गुलदार ने उन्हें नहीं छोड़ा. करीब दो किलोमीटर तक जंगल के भीतर घसीटकर ले गया.
वहीं, हमले में रेखा देवी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद उनके बच्चों की हालत देखकर ग्रामीणों की आंखें भी भर आईं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन विभाग और सरकार ने पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों के बढ़ते हमलों को रोकने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो वाले दिनों मे बड़ा हादसा हो सकता है.
पहाड़ी क्षेत्र में गुलदार के इन हमलों में ग्रामीणों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद सरकार, वन विभाग और प्रशासन अब तक कोई ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठा पाए हैं. बीते दो सालों में ही बाघ और गुलदार के हमलों में 5 से ज्यादा महिलाओं की मौत हो चुकी है, जिससे कई परिवार उजड़ गए हैं और मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है.
नैनीताल जिले में गुलदार के हमले में मौत-
- साल 2023 में भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत मलुवाताल के कसाइल में बाघ के हमले से इंद्रा देवी की मौत हुई.
- साल 2023 में भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत अलचौना के ताड़ा गांव में बाघ के हमले से निकिता शर्मा की मौत हुई.
- 10 दिसंबर 2023 को बाघ के हमले से भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत पिनरों के तोक डोब गांव में पुष्पा देवी की मौत हुई.
- साल 2024 में नौकुचियाताल के सिलौटी में बाघ के हमले से लीला देवी की मौत हुई.
- साल 2025 में बेतालघाट के ओखलढुंगा में बाघ के हमले से शांति देवी की मौत हुई.
- साल 2025 में पहाड़पानी में हेमा देवी की गुलदार के हमले में जान गई.
टिहरी के घनसाली में भालू का आतंक, सरूणा गांव के एक व्यक्ति को किया घायल: टिहरी में भालू के हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. आज यानी 30 दिसंबर की सुबह घनसाली के भिलंगना रेंज के सरूणा गांव में भालू ने टीकाराम जोशी नाम के व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया. जिसमें उनकी बमुश्किल जान बच पाई.

घायल टीकाराम जोशी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अपने पशुओं के लिए जंगल में चारा लेने जा रहे थे. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बैठे भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया. हमले में उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं. घायल टीकाराम ने साहस दिखाते हुए भालू से संघर्ष कर किसी तरह अपनी जान बचाई. इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया. उप प्रभागीय वनाधिकारी जन्मजय रमोला ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल टीकाराम जोशी को घर भेज दिया.
वहीं, डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी स्थिति सामान्य है. उन्होंने बताया कि बीती दिन भी देवप्रयाग में भी भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. जिसे वन विभाग ने एक लाख रुपए का मुआवजा दे दिया है. वन कर्मियों ने ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है.
ये भी पढ़ें-
- पौड़ी जिले में 12 लोगों को अस्पताल पहुंचा चुका भालू, एक की गई जान, लोगों का खेत जाना हुआ मुश्किल
- उत्तरकाशी में भालुओं ने तोड़े घरों और छानियों के दरवाजे, डर के साये में कटी रात, गांव में दहशत
- रुद्रप्रयाग में भालू और गुलदार का छाया आतंक, लोगों का दहशत से घरों से निकलना हुआ दूभर
- उत्तरकाशी में घर में घुसे भालू, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें, डरे लोग

