ETV Bharat / state

उदयपुर में लेपर्ड का हमला: खेत में सो रहे किसान को बनाया शिकार, 500 मीटर दूर मिला शव

लेपर्ड ने शव को कई जगह नोच लिया था. वह बुरी तरह क्षत विक्षत हो चुका था.

Leopard kills farmer
उदयपुर में लेपर्ड का हमला (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 28, 2026 at 4:20 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: जिले में एक बार फिर लेपर्ड का आतंक देखने को मिला है. बड़ी पंचायत के उपली बड़ी गांव में लेपर्ड ने खेत में सो रहे किसान पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया. यह घटना सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य के समीप स्थित खेतों में हुई, जहां वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है. मृतक की पहचान बाबूलाल गमेती (42) के रूप में हुई है. वह शुक्रवार रात गेहूं की फसल में पानी देने के बाद कुएं के पास बने कमरे की छत पर सो गए थे. देर रात लेपर्ड छत पर पहुंचा और अचानक हमला कर उन्हें नीचे गिरा दिया. इसके बाद वह किसान को दबोचकर करीब 500 मीटर दूर खेत में ले गया.

शनिवार सुबह जब ग्रामीण थावरचंद पानी की मोटर चलाने कुएं पर पहुंचा, तो वहां खून फैला देख उसे किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ. खून के निशानों का पीछा करने पर उसे कुछ दूरी पर बाबूलाल का शव मिला. शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था और शरीर के कई हिस्से लेपर्ड द्वारा नोचे जा चुके थे.

पढ़ें: खेत में किसान और लेपर्ड के बीच 15 मिनट चला संघर्ष, कुल्हाड़ी के हमले में तेंदुआ ढेर

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. वार्ड पंच अजय सिंह देवड़ा ने बताया कि यह घटना बेहद भयावह थी और शव की हालत देखकर लोग सहम गए. वहीं ग्रामीण खुबेश सुथार ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से लेपर्ड की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन कई बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. घटना की सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.