लखीमपुर खीरी में अब एक तेंदुए की मौत, घर में घुसा था, रेस्क्यू के बाद गई जान
लखीमपुर खीरी में रेस्क्यू के बाद तेंदुए की मौत से वन विभाग में हड़कंप

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 4:46 PM IST
लखीमपुर खीरी: जिले के धौरहरा वन रेंज के सिसैया गांव में रविवार देर रात एक तेंदुआ गांव निवासी नाजिम के घर में घुस गया. गांव वालों की सुचना पर सोमवार सुबह वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया. हालांकि, रेस्क्यू के कुछ ही देर बाद ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
डीएफओ कीर्ति चौधरी के अनुसार, बीते रविवार देर रात सिसैया गांव निवासी नाजिम के घर में अचानक एक तेंदुआ घुस गया. घर में तेंदुए के होने की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरातफरी मच गई. ग्रामीणों ने अप्रिय घटना से बचने के लिए घर को चारों ओर से घेर लिया. लोग पूरी रात दहशत में रहे और बच्चों व महिलाओं को घरों के भीतर सुरक्षित रखा.
गांव के पूर्व प्रधान हुसैन खां ने तत्काल धौरहरा वन रेंज को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घना अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान चलाना जोखिम भरा था. इस लिए पूरी रात निगरानी की गई, मगर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ना संभव नहीं हो सका.
सोमवार सुबह डीएफओ कीर्ति चौधरी के नेतृत्व में वन विभाग ने व्यापक रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घंटों मशक्कत के बाद बिना ट्रैंक्विलाइज किए ही तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया. हालांकि, कुछ ही देर बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
लखीमपुर खीरी जिले में पिछले तीन माह के दौरान चार बाघों और एक तेंदुए की मौत हो चुकी है. लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था और वन विभाग की निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रही वन्यजीवों की मौतों के कारणों की निष्पक्ष जांच और प्रभावी संरक्षण रणनीति तैयार करना बेहद आवश्यक है. फिलहाल सिसैया गांव में तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस जरूर ली है,
डीएफओ कीर्ति चौधरी ने बताया कि जब वनकर्मी प्रोटेक्टिव सूट पहनकर घर के भीतर पहुंचे तो तेंदुए की गतिविधियां काफी कम थीं और उसे दौरे पड़ रहे थे. उसे तत्काल पिंजरे में रखकर वन रेंज कार्यालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: Watch: लखीमपुर खीरी में 6 साल के मासूम बच्चे को मौत के घाट उतारने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद

