बाजपुर में वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
उत्तराखंड के बाजपुर से बड़ी खबर है. जिस तेंदुए के कारण इलाके में दहशत का माहौल था, उसे तेंदुए को वन विभाग ने पकड़ लिया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 27, 2026 at 8:05 PM IST
|Updated : February 27, 2026 at 8:11 PM IST
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में बीते काफी दिनों से तेंदुए का आतंक देखने को मिल रहा था, जो अब खत्म हो गया है. क्योंकि वन विभाग की टीम तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में कामयाब हो गई. तेंदुए के वन विभाग के पिंजरे में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली.
दरअसल, तीन पहले ही तेंदुए ने बकरी को शिकार किया था, जिससे बाद ग्रामीण और भी ज्यादा डर गए थे. उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द से पकड़ने की गुहार लगाई थी. ग्रामीणों को तेंदुए के भय से मुक्त कराने के लिए वन विभाग लगातार कोशिश कर रहा था. इस वजह से तेंदुए को पकड़ने के लिए गन्ने के खेत में पिंजरा लगाया गया था, जिसमें आज 27 फरवरी को तेंदुए कैद हो गया.
रेंजर नवल किशोर कपिल ने बताया कि तेंदुए की मूवमेंट लगातार उसी क्षेत्र में देखी जा रही थी. इसलिए रणनीतिक रूप से पिंजरा लगाया गया. आज सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने पिंजरे में तेंदुए को फंसा हुआ देखा. यह खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को पिंजरे से दूर रहने की हिदायत दी. वन विभाग के अधिकारी सावधानीपूर्वक पिंजरे को वाहन में लादकर तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले गए. इसके बाद तेंदुए के सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, ताकि वह प्राकृतिक वातावरण में वापस लौट सके.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई है. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं. साथ ही मवेशियों को खुले में न बांधने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में भी ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए निगरानी जारी रखी जाएगी. तेंदुए के पकड़े जाने और सुरक्षित जंगल में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. गांव में अब स्थिति सामान्य हो रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोग अभी भी सतर्कता बरत रहे हैं.
पढ़ें---

