अल्मोड़ा के रानीधारा में गुलदार पिंजरे में कैद, अटका रखी थी स्थानीय लोगों की सांसें
अल्मोड़ा में गुलदार की दहशत, रानीधारा में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, लोगों ने ली राहत की सांस

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 7, 2026 at 8:19 PM IST
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीधारा क्षेत्र में लंबे समय से दहशत का पर्याय बना गुलदार आखिरकार पिंजरे में कैद हो गया. गुलदार के पिंजरे में फंस जाने के बाद वन विभाग से लेकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. यह गुलदार पिछले काफी समय से इलाके में सक्रिय था और कई जानवरों को अपना निवाला बना चुका था.
रानीधारा क्षेत्र में गुलदार ने अटका रखी थी लोगों की सांसें: बता दें कि रानीधारा और उसके आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों से स्थानीय लोगों काफी खौफजदा थे. रात को लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे थे. लोगों में डर था कि समय रहते गुलदार को पकड़ा नहीं गया तो वो किसी व्यक्ति पर भी हमला कर सकता है. क्योंकि, अंधेरा होने के बाद गुलदार की चहलकदमी बढ़ गई थी.
रानीधारा में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार: इसी को लेकर क्षेत्र के लोगों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी. क्षेत्रवासियों की मांग पर गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगाया. बुधवार यानी 7 जनवरी की सुबह तड़के गुलदार पिंजरे में फंस गया. उसकी गुर्राहट सुनकर रानीधारा के लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में लिया.
"अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी बढ़ने पर लोगों की मांग पर कई स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं. बुधवार को रानीधारा में लगे पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया. वन विभाग की टीम गुलदार को रेस्क्यू कर अल्मोड़ा स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है. क्षेत्र में अन्य गुलदार भी होने की जानकारी क्षेत्र के लोगों ने दी है. जिस पर वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही है."- मोहन राम, वन क्षेत्राधिकारी
अल्मोड़ा नगर में चार जगह पर लगे हैं पिंजरे: अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में लगातार गुलदार की दहशत बनी हुई है. जगह-जगह गुलदार की गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हुई है. जिसके बाद लोगों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है. वन विभाग की ओर से नगर के चार स्थानों, रानीधारा, मटेला, आर्य कन्या इंटर कॉलेज के पास और चौघानपाटा से ऊपर बालकंजीबाडी के पास पिंजरा लगाया है. जबकि, बुधवार को रानीधारा में लगाए गए पिंजरे में गुलदार कैद हुआ है.
ये भी पढ़ें-

