ETV Bharat / state

लखीमपुर खीरी: तेंदुए ने हमला कर 14 वर्षीय किशोर को उतारा मौत के घाट, गांव में दहशत का माहौल

मानसिक रूप से विक्षिप्त लड़के को तेंदुए ने मार डाला

तेंदुए ने बच्चे को मार डाला
तेंदुए ने बच्चे को मार डाला (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 3, 2026 at 2:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखीमपुर: जिले के तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे घात लगाए बैठे तेंदुए ने 14 वर्षीय किशोर पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया. मंगलवार सुबह लहूलुहान हालत में शव मिलने से गांव में चीख-पुकार मच गई. घटना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पेस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जाच शुरू कर दी है. घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

तिकुनिया कोतवाली प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा के अनुसार, इलाके के जसनगर गांव निवासी गुरचरन सिंह का 14 वर्षीय पुत्र राजकमल सोमवार रात करीब नौ बजे घूमने के लिए निकला था. वह जैसे ही जसनगर और खैरेटिया के बीच रेलवे ट्रैक पर पहुंचा, पहले से झोपड़ी में छिपे बैठा तेंदुए ने उस पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया.

परिजनों के मुताबिक जब राजकमल देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाशी की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास राजकमल का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा. शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल का निरीक्षण कर, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था और अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था. रात में भी वह कई बार बाहर ही सो जाता था. बीती रात भी कुछ ऐसा ही हुआ था.

उत्तरी वन प्रभाग अधिकारी कीर्ति चौधरी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि वन्य जीव के हमले की पुष्टि होती है तो शासन की गाइडलाइन के अनुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी. वन विभाग के द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है, तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए गए हैं. इलाके में तेंदुए की पुष्टि होने पर उसे पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया जाएगा.

ये भी पढ़ें: बलरामपुर में तेंदुए ने हमला कर महिला को मार डाला; खेत में पड़ा मिला शव

ये भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी में तेंदुए और बाघ की दहशत पर लगा विराम; वन विभाग के पिंजरे में हुए कैद