सोशल मीडिया से सीखकर ATM मशीन से छेड़छाड़ कर रुपए निकालते थे बदमाश, चार गिरफ्तार
एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर रुपए चोरी करने वाले 4 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

Published : October 23, 2025 at 5:22 PM IST
जयपुर: एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर अवैध तरीके से रुपए निकालने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. इनमें गैंग का मास्टरमाइंड भी शामिल है. इस गैंग से जुड़े बदमाश सोशल सोशल मीडिया पर एटीएम के वीडियो देखकर जानकारी जुटाते और एटीएम पर टेप चिपकाकर व अन्य तरीकों से छेड़छाड़ कर रुपए निकालते थे. इस संबंध में आमेर रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर ने 17 अक्टूबर को ब्रह्मपुरी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था.
जलमहल के पास लगी मशीन को किया हैंग : जयपुर (उत्तर) डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि 17 अक्टूबर को आमेर रोड स्थित एसबीआई के मैनेजर अभिषेक गुप्ता ने ब्रह्मपुरी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था. इसमें उन्होंने बताया कि जलमहल पर लगे एटीएम मशीन को हैंग कर मास्टर चाबी से रुपए निकाले गए. इस मामले में बावड़ी बेरी (अलवर) निवासी अक्षय मीणा, इशू मीणा, पुराना रूपवास (अलवर) निवासी चित्रांश मीणा और अलवर निवासी राहुल मीणा को गिरफ्तार किया गया है.
पढे़ं. गार्ड को बंधक बनाकर ATM उखाड़ ले गए बदमाश, इलाके में हड़कंप
लग्जरी गाड़ी और मोबाइल जब्त : डीसीपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एटीएम हैंग करने के काम में लिए जाने वाले औजार और मास्टर चाबी बरामद हुए हैं. इसके साथ ही एक लग्जरी गाड़ी, दो मोबाइल और 13,100 रुपए नकद मिले हैं. पुलिस की पड़ताल में सामने आय कि अक्षय मीणा गैंग का मास्टरमाइंड है. वह और इशू मीणा वारदात से पहले रेकी कर एटीएम चिह्नित करते. इसके बाद एटीएम की लोकेशन गैंग के अन्य आरोपियों से शेयर करते.
ऐसे हैंग करते एटीएम : डीसीपी शर्मा ने बताया कि अक्षय मास्टर चाबी से एटीएम का बॉक्स खोलता और दूसरे आरोपी बाहर खड़े होकर ध्यान रखते. कैश विड्रो बॉक्स में सनमाइका या टेप लगाकर उसे बंद कर देते. जब कोई उपभोक्ता रुपए निकालने आता तो मशीन से रुपए निकलते, लेकिन टेप या शीट लगी होने के कारण बाहर नहीं आते.
पढे़ं. 1.5 करोड़ की चोरी का खुलासा : नौकर ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम, 6 गिरफ्तार
जयपुर में वारदात कर भाग जाते अलवर : उन्होंने बताया कि उपभोक्ता मशीन खराब समझकर वहां से चला जाता. इसके बाद आसपास इंतजार कर रहे गैंग के बदमाश बॉक्स खोलकर रुपए निकाल लेते. पूछताछ में सामने आया है कि ये अलवर से वारदात करने जयपुर आते और वापस अलवर चले जाते. वहां अपने महंगे शौक पूरे करने में रुपए उड़ाते. चारों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. शहर में कई अन्य वारदातों के बारे में भी इनसे पूछताछ में खुलासा हो सकता है.

