'बिहार का खजाना खाली, कर्मचारियों के वेतन देने में भी पड़ेंगे लाले..' तेजस्वी का सरकार पर हमला
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर खजाना खाली करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन देने तक पैसे नहीं हैं-

Published : February 23, 2026 at 8:27 PM IST
पटना : एक बार फिर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार को आड़े हाथों लिया है. अपराध, भ्रष्टाचार के मामले के साथ साथ बिहार सरकार को आर्थिक रूप से कमजोर कहा. तेजस्वी यादव ने कहा 21 सालों में एनडीए की सरकार ने बिहार के खजाने को खाली कर दिया है. अब तो आने वाले दिन में बिहार सरकार के कर्मचारियों को वेतन देने तक के पैसे नहीं होंगे. तेजस्वी यादव सोमवार को विधानसभा में बजट सत्र के दौरान बिहार सरकार पर निशाना साधा.
'बिहार का खजाना खाली' : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की आय सबसे कम है. शिक्षा-स्वास्थ्य के मामले में, खेलकूद के मामले में, बिहार सबसे फिसड्डी. 21 साल बिहार की जनता ने एनडीए को मौका दिया बावजूद इसके, बिहार देश का सबसे गरीब राज्य, सबसे बेरोजगार राज्य की श्रेणी में आता है. बिहार का सरकारी खजाना खाली हो चुका है.
'हमें बजट से कोई आशा नहीं' : तेजस्वी यहीं नही रुके उन्होंने कहा कि ''मेरा यह कहना है कि बिहार 21 सालों में अपराध, भ्रष्टाचार कुशासन, तानाशाही अफसरशाही को बढ़ाया गया है. हमें इस बजट से कोई आशा नहीं है. कोई कार्रवाई-सुनवाई सरकार में नहीं हो रही है. दुर्भाग्य है कि बिहार में हत्या-अपहरण, गैंग रेप जैसे वारदात हो रहे हैं, कहीं कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, सुनवाई नहीं हो रही है.''
'कर्मचारियों के वेतन देने तक के पैसे नहीं होंगे' : तेजस्वी यादव ने कहा कि सदन में जब सवाल पूछा जाता है तो, सरकार के पास कोई जवाब नहीं होता है. वही पुरानी घिसीपिटी बातें सरकार बोलती है. सरकार का खजाना इन भ्रष्टटाचारियों ने खाली कर दिया है. कुछ दिन के बाद यहां के कर्मचारियों को वेतन देने की भी स्थिति नहीं होगी. इन लोगों ने बहुत ज्यादा लूट और भ्रष्टाचार मचाया है.
राबड़ी देवी भी उठा चुकी हैं सवाल : राबड़ी देवी ने भी तेजस्वी यादव की तरह बिहार का खजाना खाली करने का आरोप लगाया था और बिहार में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किये थे. अब तेजस्वी यादव ने भी इसको लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है.
ये भी पढ़ें-

