'राष्ट्रगीत भी हुआ खंडित और देश के भी हुए दो टुकड़े', वंदे मातरम पर छिड़ी बहस पर नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस को लपेटा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाते हुए सत्ता पक्ष के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी को भी जमकर घेरा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 23, 2026 at 8:24 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हंगामें भरी रही है. 10 दिनों वाले इस सत्र की दो बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन दो दिनों में अब तक सदन की कार्यवाही लगभग 2 घंटे 15 मिनट ही चल पाई. सत्र के दूसरे दिन भी सदन के भीतर और बाहर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के अपमान पर खींचतान और आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी रहा. सदन के भीतर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाते हुए सत्ता पक्ष के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी को भी जमकर घेरा.
'विपक्ष के किसी सदस्य ने नहीं किया राष्ट्रगान का अपमान'
सदन की कार्यवाही का पहला घंटा पीटने के बाद शून्य काल की शुरुआत हुई. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पॉइंट ऑफ ऑर्डर लेते हुए सदन के भीतर राष्ट्रगान के अपमान और वंदे मातरम के गायन का मुद्दा उठाया. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, सत्र के पहले दिन विपक्ष के किसी सदस्य ने राष्ट्रगान का अपमान नहीं किया. विपक्ष के सदस्य राष्ट्रगान के दौरान सावधान की मुद्रा में खड़े रहे. राष्ट्रगान के समाप्त होने के बाद ही विपक्ष के सदस्यों ने राष्ट्रगीत के गायन की मांग उठाई थी. नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि विपक्ष के सदस्यों ने राष्ट्रगान का पूरा सम्मान किया है. इस दौरान जयराम ठाकुर ने पहले दिन की कार्यवाही की वीडियो फुटेज भी सदन में दिखाने की मांग की.
'मुख्यमंत्री को हो गई झूठ बोलने की आदत'
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सदन के भीतर मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा. जयराम ठाकुर ने कहा कि, "मुख्यमंत्री को झूठ बोलने की आदत हो गई है, जो नहीं हुआ है मुख्यमंत्री वही बताने की कोशिश करते हैं. सत्य के उलट परसेप्शन बनाने की कोशिश की जा रही है. विपक्ष के किसी सदस्य ने राष्ट्रगान का अपमान नहीं किया है तो मुख्यमंत्री सदन के भीतर और सार्वजनिक रूप से माफी मांगे."
कांग्रेस मुख्यालय में हुआ राष्ट्रगीत का अपमान
इस दौरान प्रतिपक्ष ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कि वास्तव में राष्ट्रगीत का अपमान 15 अगस्त के दिन कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में हुआ. कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में ये अपमान हुआ. जयराम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रगीत का घोर अपमान किया गया और बीच में राष्ट्रगीत रोकने के लिए कहा गया.
राष्ट्रगीत भी हुआ खंडित भारत के हुए दो टुकड़े
इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने 1937 में केवल एक समुदाय विशेष की आपत्ति के कारण राष्ट्रगीत वंदे मातरम के दो छंद गाने का फैसला लिया था. जयराम ठाकुर ने कहा कि इसका परिणाम यह हुआ कि वंदे मातरम भी खंडित हुआ और देश के भी दो टुकड़े हुए. जयराम ठाकुर ने कहा कि यह इतिहास के बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हिस्सा है.
ये भी पढ़ें: डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री की जयराम ठाकुर को चुनौती, बोले- पूरा राष्ट्रगीत गाएं, पीछे गाएगा सत्ता पक्ष
ये भी पढ़ें: 'सदन में क्या होगा? वो सदन में करेंगे तय, विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए मैं बाध्य नहीं'

