ETV Bharat / state

लखनऊ के हुसैनाबाद हेरिटेज जोन में चलेगा बुलडोजर, अवैध निर्माण पर LDA सख्त, नोटिस के बाद गिराए जाएंगे

LDA ने ऐतिहासिक हुसैनाबाद हेरिटेज जोन में बढ़ते अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है.

अवैध निर्माण पर LDA सख्त.
अवैध निर्माण पर LDA सख्त. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 4:44 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : नगर निगम और पुलिस के बाद अब हुसैनाबाद हेरिटेज जोन में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) भी बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है. खासतौर पर घंटाघर के आसपास बड़े प्रतिष्ठानों पर एक्शन लिया जाएगा और ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई की जाएगी. जिसको लेकर नोटिस जल्द दिए जाएंगे.

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने ऐतिहासिक हुसैनाबाद हेरिटेज जोन में बढ़ते अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है. इस जोन में बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, रूमी दरवाजा, घंटाघर (क्लॉक टावर), चित्रशाली और अन्य ऐतिहासिक स्मारक शामिल हैं. यह लखनऊ की नवाबी विरासत का प्रमुख केंद्र है.

स्मार्ट सिटी योजना के तहत यहां सौंदर्यीकरण, फसाड लाइटिंग, खुशबू पार्क और अन्य विकास कार्य चल रहे हैं, लेकिन अवैध निर्माण और अतिक्रमण इन प्रयासों को बाधित कर रहे हैं. LDA अधिकारियों के अनुसार, जोन में अनधिकृत दुकानें, टिन शेड, अतिक्रमणकारी वेंडिंग, अवैध पार्किंग और फुटपाथ पर कब्जे जैसी समस्याएं आम हैं. यह न केवल पैदल यात्रियों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं, बल्कि क्षेत्र की सौंदर्यता और ऐतिहासिक महत्व को भी क्षति पहुंचा रहे हैं.

हुसैनाबाद हेरिटेज जोन में अवैध वेंडर्स से अस्वच्छ परिस्थितियां (Unhygienic conditions), पैदल मार्गों में रुकावट और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा हो रहा है. स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने भी शिकायत की है कि अतिक्रमण पर्यटकों के अनुभव को खराब कर रहे हैं. LDA के उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया, हेरिटेज जोन में विकास कार्य जैसे खुशबू पार्क, फसाड अपग्रेडेशन और सिविल निर्माण तेजी से चल रहे हैं. जल्द ही अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया, अवैध निर्माणों पर नोटिस जारी कर ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी. हाईकोर्ट के आदेशों और हेरिटेज नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी. इससे पहले LDA ने शहर के अन्य हिस्सों में अवैध प्लॉटिंग और निर्माणों पर बुलडोजर चलाए हैं. अब हेरिटेज जोन को प्राथमिकता दी जा रही है. यह कार्रवाई यूपी सरकार की हेरिटेज संरक्षण नीति के तहत है, जिसका उद्देश्य लखनऊ को वैश्विक स्तर पर पर्यटन स्थलों को बेहतर किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : लखनऊ में 32 साल से अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट का इंतजार, 1994 में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सचिन ने लगाई थी क्लासिक सेंचुरी