LDA ने लॉटरी से अलॉट किये अटल आवासीय योजना के 1665 फ्लैट्स, मिलेंगी ये सुविधाएं
एलडीए अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने कहा, एलडीए की अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम 'अटल नगर योजना' के भवनों की लॉटरी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में निकाली गयी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 10:43 PM IST
लखनऊ: देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना के 01 बीएचके के 1665 भवनों का गुरुवार को लॉटरी से आवंटन किया गया. इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में हुई लॉटरी में आवेदकों के हाथों से ही लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकलवायी गयीं.
अपने नाम की पर्ची खुलते ही किसी का चेहरा खिल उठा, तो किसी की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये. अब 9 जनवरी को 02 बीएचके के भवनों की लॉटरी होगी.

लिफ्ट और पार्किंग की सुविधा: एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि देवपुर पारा में लांच की गयी अटल नगर आवासीय योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं. इसमें से 1,832 भवन 01 बीएचके और 664 भवन 02 बीएचके के हैं. ये भवन 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं.
इनकी कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू है. एलडीए ने इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में लिफ्ट के साथ स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग की सुविधा का प्रावधान किया है.
यू-ट्यूब पर लॉटरी का लाइव प्रसारण: अटल नगर योजना के भवनों के लिए 4 अक्टूबर से 2 दिसम्बर, 2025 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था. इसमें कुल 5,781 लोगों ने पंजीकरण कराया है. गुरुवार को लॉटरी के पहले दिन 01 बीएचके के 1665 भवनों का लकी ड्रा खोला गया. इसमें खुले मंच पर आवेदकों को बुलाकर उन्हीं के हाथों से लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकलवायी गयी. साथ ही साथ पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया.

एलडीए की पारदर्शी प्रक्रिया को सबने सराहा: एलडीए ने पारदर्शिता भवनों की लॉटरी करायी. लॉटरी में सफल रहे गिरिजेश कुमार शर्मा, मोहम्मद आसिफ खान, प्रशांत विश्वकर्मा ने बताया कि व्यवस्था बहुत अच्छी थी. कई आवेदक ऐसे थे, जो यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे. लॉटरी में भवन पाने वाली प्रिया वर्मा ने कहा कि वह बहुत खुश हूं, एलडीए की शुक्रगुजार रहूंगी.
कम बजट में, इससे अच्छे फ्लैट नहीं मिलेंगे: सुरेन्द्र चौहान, अब्दुल सलाम समेत अन्य लोगों ने भी खुशी का इजहार किया. सफल आवंटी कन्हैया वर्मा ने बताया कि वह आवेदन करने से पहले योजना में फ्लैट देखने गये थे. उनके अनुसार इतने कम बजट में, इतने अच्छे फ्लैट नहीं मिल सकते. प्रशांत राघव ने भी योजना में बने भवनों की तारीफ की.
यह भी पढ़े- अगर ट्रेन लेट हुई तो फ्री में मिलेगा स्वादिष्ट भोजन, जानिए कौन-कौन सी गाड़ियों में है ये सुविधा?

