गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम का पलटवार: “गहलोत के समय था जंगलराज, अब प्रदेश में सुराज”
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर करारा जवाब जवाब दिया.

Published : October 23, 2025 at 7:23 AM IST
जयपुर : प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने करारा पलटवार किया है. बेढम ने कहा कि लगभग दो वर्षों में प्रदेश में अपराधों में भारी कमी आई है और सरकार ने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की है. उन्होंने गहलोत पर हमला बोलते हुए कहा कि गहलोत सरकार के समय राजस्थान अपराधियों का गढ़ बन गया था, इसलिए उन्हें वर्तमान सरकार पर उंगली उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.
दीपावली के समय जैलसमेर में डबल मर्डर, बीकानेर में महिला से लूट और जोधपुर में दलित बालिका से दुष्कर्म के मामले पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने प्रदेश की भजन लाल सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. गहलोत की ओर उठाए गए सवालों पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह जवाब दिया. बेढम ने बुधवार देर रात बयान जारी कर कहा कि लगभग दो वर्षों में प्रदेश में अपराधों में आई कमी, अपराधियों के खिलाफ भी की कठोर कार्रवाई. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समय राजस्थान में जंगलराज था. कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नही थी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिम्मेदारी संभालते ही कानून व्यवस्था सुधारने का काम किया है.
इसे भी पढ़ें: 'सरकार के कार्यकाल से जनता त्रस्त', डोटासरा का दावा- हम ही जीतेंगे अंता उपचुनाव
कानून व्यवस्था पर सियासत ! : गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिय प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए तथ्यहीन बातें बोलकर राजस्थान की जनता को गुमराह करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समय राजस्थान में जंगलराज था, राजस्थान असुरक्षित था और महिलाओं के साथ अत्याचार होता था. गृह राज्य मंत्री ने कहा कि लगभग दो वर्षों के दौरान प्रदेश में अपराधों में कमी आई है, दलित अत्याचार,महिला अत्याचार में कमी आई है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में सुराज स्थापित है, इसलिए अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आस-पास रहने वाले लोग भी सलाखों के पीछे गए हैं.
गहलोत राजस्थान की जनता को गुमराह ना करें. बेढम ने कहा कि हमारी सरकार अपराधियों पर सख्त और तत्काल एक्शन ले रही है. कानून व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है, इसीलिए जिस एनसीआरबी की रिपोर्ट में पहले राजस्थान सबसे ऊपर हुआ करता था, अब उसी रिपोर्ट में राजस्थान निचले पायदान पर है. हमारी सरकार प्रदेश की जनता को सुशासन देने की दिशा में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा में नेतृत्व में दिन रात काम कर रही है, कांग्रेस के भ्रमाक बयानों को अब जनता समझ चुकी है.
इसे भी पढ़ें: नरेगा टांका निर्माण पर रोक : सांसद उम्मेदाराम ने बताया तुगलकी फरमान, विधायक बोले- यह थार की पीठ में खंजर
ऐसा लगता है कि राजस्थान कानून व्यवस्था से मुक्त हो गया है एवं अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हत्या, लूट, बलात्कार, चोरी समेत हर तरह का अपराध बढ़ रहा है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) October 22, 2025
दीपावली का समय ऐसा होता है जब पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था को पूरी तरह से चाक चौबंद किया जाता है, सिक्योरिटी के पक्के…
गहलोत का आरोप: अशोक गहलोत ने एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा था कि दीपावली के दौरान प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं. गहलोत ने लिखा था कि, “ऐसा लगता है कि राजस्थान अब कानून व्यवस्था से मुक्त हो गया है. दीपावली पर भी हत्या, लूट, चोरी और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, यह बेहद शर्मनाक है.” उन्होंने जैसलमेर के डबल मर्डर, बीकानेर में महिला से लूट और जोधपुर में दलित बालिका से दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा था.

