लातेहार पुलिस ने टीएसपीसी के तीन नक्सलियों को किया गिरफ्तार, हथियार और गोलियां बरामद
लातेहार पुलिस ने तीन नक्सलियों का गिरफ्तार किया है. इनका संबंध टीएसपीसी नक्सली संगठन से है.


Published : October 14, 2025 at 7:00 PM IST
लातेहारः पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए टीएसपीसी नक्सली संगठन के तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार नक्सलियों में टीएसपीसी का प्रमुख कमांडर प्रताप गंझू के अलावे संतोष गंझु और अशोक गंझु शामिल हैं. नक्सलियों के पास से पुलिस ने तीन पिस्टल, 40 गोलियां समेत अन्य सामान बरामद किए हैं.
दरअसल लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी नक्सलियों का एक दस्ता किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाते हुए रांची के मैक्लुस्कीगंज होते हुए बालूमाथ की ओर आ रहा है. नक्सली एक कार पर सवार हैं, ताकि किसी को शक ना हो सके. सूचना मिलने के बाद एसपी कुमार गौरव ने बालूमाथ डीएसपी विनोद रवानी और थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की और आरोपियों के खिलाफ छापेमारी आरंभ की गई.
पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान भी आरंभ किया. चेकिंग अभियान के दौरान जब पुलिस ने एक कार की जांच आरंभ की तो उसमें संदिग्ध अवस्था में तीन लोग पाए गए. जब पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो उसमें छुपा कर रखे गए तीन पिस्टल, 40 गोलियां समेत अन्य सामान भी बरामद हुए. इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ आरंभ की. पूछताछ के क्रम में नक्सलियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग लेवी वसूलने जा रहे थे.
कोयला व्यवसाईयों से लेवी वसूलते थे नक्सली
इधर प्रेस वार्ता करते हुए डीएसपी विनोद रवानी ने बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने तीनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि इन नक्सलियों का मुख्य कार्य लेवी वसूलना ही था. लेवी वसूलने के लिए हिंसक घटनाओं को अंजाम देकर यह क्षेत्र में दहशत फैलाते थे. गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ पूर्व में भी कई हिंसक घटनाओं से संबंधित मामले विभिन्न थाना क्षेत्र में दर्ज हैं. गिरफ्तार नक्सलियों ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं. जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

ये भी पढ़ेंः
कौन रखता है टीएसपीसी का पैसा, रिश्तेदार, दोस्त समेत कई रडार पर!

