भारी बारिश में टूटा लातेहार का बर बांध, 100 एकड़ से अधिक भूमि में लगी धान के फसल बर्बाद
लातेहार के गुरगु गांव में भारी बारिश के कारण बर बांध टूट गया, जिससे कई एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई.


Published : August 31, 2026 at 4:10 PM IST
लातेहार: जिले के कई प्रखंडों में हुई बारिश ने भारी तबाही मचाई है. भारी बारिश के कारण लातेहार सदर प्रखंड की तरवाडीह पंचायत में स्थित गुरगु गांव का बरबांध टूट गया. इससे 100 एकड़ से ज्यादा जमीन पर लगी धान की फसल और खेत बर्बाद हो गए. इस अचानक आई आपदा ने किसानों की कमर तोड़ दी है.
गुरगु गांव का बरबांध स्थानीय किसानों के लिए सिंचाई का एक अहम साधन था, जिससे इसके नीचे स्थित सैकड़ों एकड़ खेतों को पानी मिलता था. रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद बांध में पानी का दबाव बहुत बढ़ गया, जिससे बांध का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया.
इसके बाद देखते ही देखते बांध के पानी के साथ बहकर आए बालू ने खेतों में लगी फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया. बांध टूटने के बाद पानी का बहाव इतना तेज था कि दो किलोमीटर दूर तक के खेतों में बालू जमा हो गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ.

दो फसलें उगाई जाती थीं, अब फसल और खेत दोनों हो गए हैं बर्बाद
स्थानीय किसान बिंदेश्वर यादव ने बताया कि ग्रामीण साल भर रबी और खरीफ दोनों फसलें उगाने के लिए इसी बांध पर निर्भर थे. लेकिन बांध के टूटने से न सिर्फ उनकी खरीफ की फसलें बर्बाद हुईं, बल्कि खेत भी खराब हो गए. उन्होंने बताया कि खेतों में अब बालू भर गया है, जिससे अब खेती करना मुश्किल लग रहा है.
एक अन्य स्थानीय किसान, दीपक यादव ने बताया कि बारिश के बाद अचानक बांध टूट गया और खेतों में बालू भर गया. किसान गुना यादव ने बताया कि बांध टूटने के बाद 100 एकड़ से ज्यादा भूमि पर लगी फसलें बर्बाद हो गईं.

सूचना के बाद पहुंचे उप प्रमुख, हालात देखकर रह गए हतप्रभ
इधर बांध टूटने की सूचना मिलने के बाद सदर प्रखंड के उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. यहां के हालात देखकर वह हतप्रभ रह गए. उप प्रमुख ने बताया कि बांध टूटने से जैसी स्थिति बनी हुई है, उससे स्पष्ट है कि कम से कम 100 एकड़ भूमि में लगी धान की फसल नष्ट हो गयी है.

उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों में भी बालू भर गया है जिससे फसल के साथ-साथ खेत भी बर्बाद हो गए. उन्होंने कहा कि मामले की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाई जा रही है. जल्द ही किसानों को नुकसान से संबंधित मुआवजा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा.

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के जिला प्रवक्ता पंकज तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और किसानों को मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें:
देवघर का ‘हलीमा बांध’ बना विवाद का केंद्र, मिट्टी भराई पर रोक, पानी के स्रोत को बचाने की उठी मांग

