'AK-47 से भून देंगे...' सुखदेव गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत को जान से मारने की धमकी
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव गोगामेड़ी की 5 दिसंबर 2023 को जयपुर में उनके निवास स्थान पर ही हत्या हुई थी.

Published : August 23, 2026 at 5:26 PM IST
हनुमानगढ़: गोगामेड़ी निवासी राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के दिवंगत अध्यक्ष सुखदेव गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत को जान से मारने की धमकी मिली है. आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के कमेंट में ये धमकी दी है. शीला शेखावत ने मामले में रिपोर्ट दी, जिस पर गोगामेड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
धमकी भरा ये मैसेज इंस्टाग्राम पर एक यूजर की ओर से दिया गया. इसमें कमेंट कर शीला शेखावत को जान से मारने की धमकी दी गई है. इंस्टाग्राम यूजर ने सुरक्षाकर्मियों को भी निशाना बनाने की धमकी भी दी है. इतना ही नहीं, कोर्ट में तारीख पर आए लॉरेंस बिश्नोई को भी मारने के प्लान की बात कही गई. 'अभिषेक सिंह राजपूत' की कथित आईडी से 16 अगस्त 2026 को मैसेज के जरिए AK-47 और AK-56 जैसे हथियारों से जान से मारने की धमकी दी थी.
शीला शेखावत की लिखित रिपोर्ट के आधार आईपीसी की धारा 351 (2) (BNM) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है. मामले की जांच कर रहे हैं. धमकी देने वाली इंस्टाग्राम आईडी और मैसेज से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं. : जयप्रकाश, गोगामेड़ी थानाधिकारी
शीला शेखावत ने बताई पूरी घटना : शीला शेखावत ने ईटीवी भारत को बताया कि धमकी देने वाले ने जान से मारने की तो धमकी दी, साथ ही अमर्यादित शब्दों का प्रयोग भी किया. आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी गई है, लेकिन अभी तक पुलिस की तरफ से कोई अपडेट नहीं दिया गया है. पोस्ट करने वाले ने शीला शेखावत पर अपने पति सुखदेव शेखावत की हत्या के मामले में पैसे लेकर लॉरेंस को क्लीन चिट देने के आरोप लगाए हैं, लेकिन शीला शेखावत ने आरोपों को निराधार बताया और न्याय के लिए लड़ती रहने की बात कही.
पढे़ं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को लगी थी 9 गोलियां
सुखदेव गोगामेड़ी की 2023 में हुई थी हत्या : राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव गोगामेड़ी की 5 दिसंबर 2023 को जयपुर मे उनके निवास स्थान पर ही हत्या हुई थी. शूटरों ने घर में घुसकर उन्हें ताबड़तोड़ गोलियों से भून दिया था और इसमें एक हमलावार भी मारा गया था. इसके बाद पूरे राजस्थान में धरने-प्रदर्शन भी हुए थे. बता दें कि गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ ने ली थी.
कौन थे सुखदेव गोगामेड़ी : पंजाब से सटे हनुमानगढ़ जिले के सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राजपूत समाज के आक्रामक नेता के रूप में जाने जाते रहे हैं. वे साल 2017 में फिल्म पद्मावत के विरोध के दौरान देशभर में चर्चाओं में आए. फिल्म पद्मावत की जयपुर में हो रही शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना ने फिल्म के सेट पर तोड़फोड़ और विरोध प्रदर्शन किया था. राजपूत करणी सेना ने फिल्म में शामिल किए कई सीन पर आपत्ति जताई थी.
इस दौरान फिल्म निदेशक संजय लीला भंसाली को थप्पड़ मारने की घटना के बाद से सुखदेव सिंह गोगामेड़ी देशभर में सुर्खियों में रहे. राजपूत समाज के संगठन करणी सेना से वे कई साल तक जुड़े रहे, लेकिन लोकेंद्र सिंह कालवी के साथ विवाद के चलते उन्होंने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना नाम से संगठन बनाया. लोकेंद्र सिंह कालवी के निधन के बाद से सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राजपूत समाज के बड़े नेता के रूप में उभर कर आए थे.

