ETV Bharat / state

चंडीगढ़ मोबाइल मार्केट में देर रात चोरी, कई दुकानों पर चोर ने किया हाथ साफ, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चंडीगढ़ सेक्टर-22 सिटी हार्ट मोबाइल मार्केट में देर रात कई दुकानों में चोरी का मामला सामने आया है.

Late Night Theft in Chandigarh Mobile Market
चंडीगढ़ मोबाइल मार्केट में देर रात चोरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 19, 2025 at 11:03 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्थित सिटी हार्ट मोबाइल मार्केट में गुरुवार को चोरी का मामला सामने आया है. देर रात करीब 2 बजे एक अज्ञात चोर ने बाजार में घुसकर एक के बाद एक कई मोबाइल दुकानों को निशाना बनाया. इस घटना से पूरे व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया. साथ ही बाजार की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है.

पहली दुकान से लाखों की नकदी चोरी: इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज के मुताबिक चोर ने सबसे पहले एसजी मोबाइल टेलीकॉम की दुकान में सेंध लगाई, जहां से 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी की. इसके बाद चोर ने उसी फ्लोर पर स्थित छह अन्य दुकानों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. कुछ दुकानों से महंगे मोबाइल फोन गायब मिले, जबकि कुछ स्थानों से नकदी चोरी होने की पुष्टि दुकानदारों ने की है.

कई दुकानों पर चोर ने किया हाथ साफ (ETV Bharat)

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात: यह चोरी की पूरी घटना बाजार में लगे तिरछे एंगल वाले सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

सुबह बाजार खुलते ही मचा हड़कंप: वहीं, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जब दुकानदार बाजार पहुंचे तो कई दुकानों के शटर खुले मिले. अंदर का सामान बिखरा हुआ था और नकदी गायब थी. यह दृश्य देखते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

शीशा तोड़कर मोबाइल फोन ले गया आरोपी: दुकानदारों की मानें तो श्यामा मोबाइल कम्युनिकेशन की दुकान का शीशा तोड़कर आरोपी कई कीमती मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया. चोरी के बाद दुकानों में सामान बिखरा पड़ा मिला और गल्ले पूरी तरह खाली थे.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची: इधर, सूचना मिलते ही सेक्टर-22 पुलिस चौकी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले. पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पूरी वारदात को एक ही व्यक्ति ने अंजाम दिया है.

दुकानदारों की मांग: वहीं, एसजी मोबाइल टेलीकॉम के दुकानदार सोनू गुप्ता ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जबकि बाजार में डर और नाराजगी का माहौल बना हुआ है. वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें:नूंह पेयजल टैंक घोटाला, पूर्व सरपंच और JE समेत 15 पर FIR, फर्जी कर्मचारी दिखाकर वेतन के नाम पर लाखों का गबन