चतरा में 1 करोड़ 60 लाख का डोडा जब्त, ट्रक से ले जाया जा रहा था पंजाब, एक गिरफ्तार
चतरा में भारी मात्रा में डोडा जब्त किया गया है. पुलिस ने मामले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है.

Published : August 15, 2026 at 9:00 PM IST
चतराः मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1050 किलो डोडा बरामद किया है. डोडा को 85 बोरियों में भरकर ट्रक के जरिए ले जाया जा रहा था. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. पुलिस के अनुसार बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है.
इस संबंध में एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अफीम और डोडा की तस्करी की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई टीम
एसपी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ नागर गोजे शुभभ भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. पुलिस की टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव और वर्षा किस्कू को शामिल किया गया. पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान लमटा के समीप पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान ट्रक पर 85 बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 1050 किलो डोडा बरामद हुआ.
रांची से पंजाब ले जाया जा रहा था डोडा
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद डोडा को रांची के बुंडू इलाके से लोड किया गया था और चतरा के रास्ते पंजाब ले जाया जा रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा की खेप कहां से जुटाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के संगरोला जिले के मंगवाल गांव निवासी सतपाल सिंह के पुत्र दीपक सिंह के रूप में हुई है. वहीं, उसके साथ मौजूद एक अन्य आरोपी पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया.
तस्करों के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
एक करोड़ 60 लाख रुपये की अनुमानित कीमत वाली इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर डोडा की खरीद, परिवहन और पंजाब में इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
एसपी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और फरार आरोपी की भूमिका क्या थी. पुलिस ने बरामद डोडा और ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें-
हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में 697 किलो डोडा बरामद
चतरा पुलिस ने पकड़ा 1 करोड़ 36 लाख का डोडा, तस्कर फरार
10 लाख रुपये का डोडा बरामद, पंजाब के तस्करों के मंसूबों पर चतरा पुलिस ने फेरा पानी

