पाकुड़ में मनाया गया होलिका दहन, हजारों लोगों ने की परिक्रमा
पाकुड़ में जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में होलिका दहन का आयोजन किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया.

Published : March 3, 2026 at 12:30 PM IST
पाकुड़: होली त्यौहार के पूर्व पाकुड़ जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में होलिका दहन का आयोजन किया गया. सोमवार की रात्रि सत्य सनातन संस्था द्वारा होलिका दहन रथ मेला मैदान में आयोजित किया जिसमें शहरी क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया. होलिका दहन के पूर्व पुरोहित द्वारा पूजा अर्चना भी की गयी.
सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई
होलिका दहन में भाग लेने पहुंचे लोगों ने होलिका दहन के अग्नि में नारियल, अनाज सहित कई सामग्री चढ़ाई और अपने परिवार, समाज व देश के लिए सुख, समृद्धि व शांति की कामना की.
लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया
आयोजित होलिका दहन के उपरांत लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाया और होली की बधाई दी. वहीं मुर्की मां तल्ला में भी स्थानीय युवकों ने होलिका दहन का आयोजन किया. जबकि शिव शीतला मंदिर प्रांगण में मंगलवार की सुबह 5 बजे होलिका दहन किया गया. शिव शीतला मंदिर प्रांगण में होलिका दहन के उपरांत लोगों ने देवी देवताओं के चरण स्पर्श कर गुलाल चढ़ाया और उसके बाद एक दूसरे को गुलाल लगाया भी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिला मुख्यालय के अलावा हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा, महेशपुर, पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में भी होलिका दहन किया गया. जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए.
4 मार्च को होली मनाई जायेगी
बता दें कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत के पर्व के रूप में मनाया जाता है. जिले में आगामी 4 मार्च को होली मनाई जायेगी. इस बार ग्रहण लगने के कारण होलिका दहन में तिथि का बदलाव किया गया है.
यह भी पढ़ें:

