IGMC में बड़ी आंत के कैंसर का हुआ रोबोटिक सर्जरी, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन
आईजीएमसी में पहली बार बडी आंत के कैंसर से जूझ रहे मरीज का रोबोटिक सर्जरी किया गया. मरीज बिलकुल स्वस्थ्य है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 23, 2026 at 9:42 PM IST
शिमला: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में पहली बार बड़ी आंत के कैंसर की सफल रोबोटिक सर्जरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है. इस अत्याधुनिक तकनीक से किए गए ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और अब सामान्य रूप से खाना-पीना भी शुरू कर चुका है. खास बात यह है कि जिस सर्जरी पर निजी अस्पतालों में करीब पांच लाख रुपये तक खर्च आता है, वही इलाज आईजीएमसी में लगभग 30 हजार रुपये में उपलब्ध करवाया गया.
आईजीएमसी की बड़ी उपलब्धि
अस्पताल प्रशासन ने इसे आईजीएमसी की बड़ी उपलब्धि बताया है. आने वाले समय में रोबोटिक सर्जरी के जरिए और अधिक जटिल ऑपरेशन किए जाने की योजना है, ताकि प्रदेश के मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाई जा सकें.
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज बड़ी आंत के कैंसर से पीड़ित था. जांच के बाद डॉक्टरों की टीम ने रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया. सर्जरी के दौरान बड़ी आंत का प्रभावित हिस्सा सफलतापूर्वक निकाला गया. ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की रिकवरी भी तेजी से हुई. सर्जरी के चौथे दिन ही मरीज ने सामान्य भोजन लेना शुरू कर दिया, जो इस तकनीक की सफलता और प्रभावशीलता को दर्शाता है.
आईजीएमसी में पहली बार हुई ऐसी सर्जरी
आईजीएमसी में यह पहली बार है, जब बड़ी आंत के कैंसर की रोबोटिक सर्जरी की गई है. अस्पताल में अब तक कुल 38 रोबोटिक ऑपरेशन किए जा चुके हैं, जिनमें कैंसर के तीन मरीजों की रोबोटिक सर्जरी शामिल है. डॉक्टरों का कहना है कि इस तकनीक से मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव और जल्दी रिकवरी जैसी सुविधाएं मिलती हैं. इसके अलावा शरीर पर बड़े चीरे लगाने की जरूरत भी नहीं पड़ती.
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया ऑपरेशन
इस सफल सर्जरी में आईजीएमसी के सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. पुनीत महाजन और कैंसर सर्जन डॉ. यशपाल की अहम भूमिका रही. डॉक्टरों की टीम ने अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक का उपयोग करते हुए बेहद सावधानी से ऑपरेशन को अंजाम दिया. डॉक्टरों के अनुसार रोबोटिक सर्जरी में सटीकता अधिक होती है, जिससे कैंसर प्रभावित हिस्से को बेहतर तरीके से हटाया जा सकता है.
गरीब मरीजों के लिए बड़ी राहत
आईजीएमसी में कम खर्च पर रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होना प्रदेश के मरीजों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों या दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की आधुनिक सुविधा शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी उच्च स्तरीय इलाज मिल सकेगा.
ये भी पढ़ें: रोबोटिक सर्जरी: जानें कैसे काम करती है यह तकनीक, सर्जन की क्या है भूमिका ?

