गिरिडीह में चांदी की बड़ी खेप के साथ दो गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह में चांदी की बड़ी खेप बरामद की गई है. पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

Published : May 24, 2026 at 1:26 PM IST
गिरिडीह: नगर थाना की पुलिस ने चांदी की बड़ी खेप जब्त की है. बरामद चांदी लगभग 19 किलो है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 50 लाख बताया जा रहा है. साथ ही पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है. वहीं एक कार भी जब्त की है.
दरअसल, नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में चांदी लेकर कुछ लोग गिरिडीह पहुंचे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया और इस क्रम में संदिग्ध कार को रोक कर तलाशी ली गई. इस दौरान कार से 19 किलो चांदी की सिल्ली बरामद हुई. जिसके बाद पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी चांदी की सिल्ली गिरिडीह के किसी जेवर कारोबारी को सप्लाई करने आए थे. पूछताछ में एक व्यक्ति ने खुद को महाराष्ट्र का निवासी बताया है. हालांकि वह हजारीबाग में ही रहता है, जबकि दूसरा हजारीबाग का रहने वाला बताया जा रहा है. हालांकि दोनों ने दावा किया है कि उनके पास चांदी से संबंधित सभी वैध कागजात मौजूद हैं.

इस संबंध में नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चांदी बरामद की गई है. मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है. दो लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है. साथ ही एक कार भी जब्त की गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों ने खुद को हजारीबाग का निवासी बताया है.फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है. बरामद चांदी की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है.
ये भी पढ़ें-
गिरिडीह में एक करोड़ की चांदी बरामद, पुलिस ने एक तस्कर को किया गिरफ्तार
रामगढ़ में कार से लगभग 45 लाख की चांदी बरामद, इनकम टैक्स व सेल टैक्स की टीम कर रही जांच

