ETV Bharat / state

मसूरी में भारी बारिश से दरकी पहाड़ी, कई मकानों पर मंडराया खतरा, दहशत में लोग

उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है. भारी बारिश से कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं.

Mussoorie Heavy Rain
मसूरी में भारी बारिश से भूस्खलन (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 30, 2026 at 2:20 PM IST

|

Updated : August 30, 2026 at 2:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर पानी वाले बैंड को सुर्खियों में ला दिया है. बीती देर रात से जारी बारिश के बीच यहां पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक दरक गया. मलबा नीचे की ओर आ गिरा और इसके साथ ही पहाड़ी के ऊपर बने मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है.पानी वाले बैंड से सामने आई ताजा तस्वीरें इलाके की संवेदनशीलता को साफ तौर पर बयां कर रही हैं. जिस पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ है, उसके ऊपरी हिस्से में मकान बने हुए हैं. ऐसे में अगर बारिश इसी तरह जारी रही और पहाड़ी का कमजोर हिस्सा और खिसका तो स्थिति गंभीर हो सकती है.

भारी बारिश से बढ़ा खतरा: पानी वाला बैंड लंबे समय से भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र बना हुआ है. पिछले कुछ समय में यहां सड़क धंसने और पहाड़ी से मलबा आने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं. हाल में भी भूस्खलन के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात बाधित हुआ था और सड़क के बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा था. अब एक बार फिर पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान यहां पहाड़ का मलबा और पानी लगातार नीचे की ओर आता है, जिससे सड़क के साथ-साथ आसपास बने भवनों को भी खतरा बना रहता है.

मसूरी में भारी बारिश का कहर (Video-ETV Bharat)

2025 की आपदा की याद फिर ताजा: पानी वाले बैंड की मौजूदा तस्वीरों ने लोगों को सितंबर 2025 की उस भयावह आपदा की याद दिला दी है, जब भारी बारिश और भूस्खलन ने इस पूरे इलाके को बुरी तरह प्रभावित किया था. इसके बाद से यह क्षेत्र बरसात के मौसम में लगातार चिंता का कारण बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बारिश के साथ पानी वाला बैंड एक नई चेतावनी देता है, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय फिलहाल स्थिति संभालने तक ही काम सीमित रह जाता है.

हालात बिगड़ने का सता रहा डर: सबसे बड़ा सवाल अब यह है कि पहाड़ी के ऊपर बने मकानों और नीचे से गुजरने वाले मसूरी-देहरादून मार्ग की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. यदि लगातार बारिश के बीच पहाड़ी का और हिस्सा कमजोर हुआ तो मलबा नीचे आने से सड़क पर आवाजाही के साथ आसपास रहने वाले लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है. पानी वाले बैंड की ताजा तस्वीरें लोगों को डरा रही हैं. बारिश जारी रही तो हालात और बिगड़ सकते हैं.

पढ़ें-

Last Updated : August 30, 2026 at 2:56 PM IST