ETV Bharat / state

पौड़ी से आई डराने वाली तस्वीर, बीरोंखाल में भयानक लैंडस्लाइड, सैकड़ों ग्रामीण प्रभावित

उत्तराखंड में लगातार बारिश से पर्वतीय जिलों में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. पौड़ी के बीरोंखाल में लैंडस्लाइड का वीडियो सामने आया है.

LANDSLIDE IN BIRONKHAL
बीरोंखाल में भयानक लैंडस्लाइड (PHOTO-local residents)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 23, 2026 at 8:10 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पौड़ी गढ़वाल: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बीरोंखाल ब्लॉक से डराने वाली तस्वीर सामने आई है. मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर भीषण भूस्खलन हुआ है. भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है.

भूस्खलन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ से लगातार चट्टानों और भारी मलबे के सड़क पर गिरने का भयावह मंजर साफ दिखाई दे रहा है. अचानक हुए इस भूस्खलन से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. गनीमत रही कि जिस वक्त पहाड़ का मलबा सड़क पर आया, उस दौरान कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया.

बीरोंखाल में भयानक लैंडस्लाइड (VIDEO-local residents)

बीरोंखाल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश कंडारी का कहना है कि, इस मार्ग से कई गांव जुड़े हैं. उन गांवों की 500 की आबादी है. हालांकि, उन गांवों तक जाने का एक अन्य मार्ग भी है. लेकिन उसके लिए करीब 4 से 5 किमी अतिरिक्त चलना होगा.

फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मोटरमार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास में जुटी हुई है. लगातार बारिश के बीच जिस तरह से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं, उससे ग्रामीणों और यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं.

पीएमजीएसवाई बैजरों के अधिशासी अभियंता पान सिंह बिष्ट ने बताया कि, भारी बारिश के कारण लगातार मलबा सड़क पर आ रहा है. मौसम साफ होते ही जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा, जिसके बाद मोटरमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: