किन्नौर में भारी भूस्खलन से NH-5 बाधित, वाहनों की आवाजाही ठप होने से बढ़ी परेशानी
किन्नौर में हल्की बारिश का दौर जारी है. भूस्खलन वाले जगह पर अभी भी खतरा बना हुआ है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 6, 2026 at 9:33 AM IST
|Updated : August 6, 2026 at 10:21 AM IST
किन्नौर: हिमाचल के विभिन्न जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है. जिला किन्नौर के निचार खंड के तहत निगुलसरी में हल्की बारिश कारण पहाड़ों से भूस्खलन का मामला सामने आया है, जिसके चलते राष्ट्रीय उच्च मार्ग- 5 अवरुद्ध हो गया है. अभी भी इस जगह पर पहाड़ों से पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी है. वहीं प्रशासन ने फिलहाल भूस्खलन के बाद निगुलसरी समीप सड़क पर लोगों को सफर न करने का आग्रह किया है, ताकि किसी के जान माल का नुकसान न हो.
किन्नौर के निगुलसरी में भारी भूस्खलन
जिला आपदा प्रबंधन के अनुसार, किन्नौर के निगुलसरी के पास भूस्खलन के बाद फिलहाल प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है. लेकिन बारिश के दौरान वैकल्पिक मार्ग में भी पहाड़ों से पत्थरों के गिरने का खतरा बना हुआ है. ज़िले में बीते कई दिनों से मौसम का मिजाज़ खराब है और निचार खंड में रोजाना सुबह-शाम बारिश हो रही है. वहीं, पूह खंड एवं कल्पा खंड में हल्की बारिश के अलावा आसमान में बादल छाए हुए हैं.
पहाड़ों से लगातार गिर रहे पत्थर
स्थानीय लोगों का कहना है कि, जिला किन्नौर में बरसात के दौरान निगुलसरी एवं नाथपा झूला के करीब भूस्खलन का खतरा लगातार बना रहता है. सेब एवं मटर सीजन के दौरान बागवानों और किसानों के लिए यह जगह परेशानी का सबब बन जाता है. वहीं, निगुलसरी भूस्खलन क्षेत्र के सड़क से मलबा एवं चट्टानों को हटाने के लिए मशीनरी जुटी हुई है. लेकिन, क्षेत्र में पहाड़ों से गिर रहे पत्थरों के कारण सड़क बहाली में बाधा उत्पन्न हो रही है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल के इन जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, इस दिन तक प्रदेश में येलो अलर्ट
ये भी पढ़ें: अब हिमाचल की जीप योग्य सड़कों पर नहीं चलेगा मनमाना निर्माण, सुक्खू सरकार लाई देश की पहली वैज्ञानिक नीति

