डोंगरगांव में बारिश के बाद खेत में भूधंसाव, देखते ही देखते बड़े गड्ढे में तब्दील हुई जमीन
डोंगरगांव पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही रोक दी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 6, 2026 at 2:10 PM IST
राजनांदगांव: डोंगरगांव ब्लॉक अंतर्गत आने वाले कबीर मठ नदिया गांव में इन दिनों विशाल के गड्डा चर्चा का विषय बना हुआ है. गांव के किसान अमर सिंह रावटे के खेत में तेज बारिश के बाद रविवार दोपहर बाद अचानक जमीन धंसने की घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में जमीन पर छोटा गड्ढा दिखाई दिया, जो कुछ ही देर में लगातार धंसते हुए काफी बड़ा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
खेत धंसने के बाद दिख रहा कुआं
सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है. मौके पर नायब तहसीलदार जगदेव प्रसाद खूंटे, थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर, पटवारी, राजस्व निरीक्षक और पुलिस बल पहुंचा.
प्रथम दृश्य देखने पर कुएं जैसा स्ट्रक्चर दिखाई दे रहा है. उच्च अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है. आगे जियोलॉजिकल डिपार्टमेंट की टीम आएगी ,वहीं कुछ पुष्टि कर पाएगी-कमल किशोर साहू, तहसीलदार, डोंगरगांव
बारिश के बाद भूधंसाव से बना गड्ढा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज बारिश के बाद जमीन के भीतर लगातार धंसाव होता रहा, जिससे गड्ढे का आकार तेजी से बढ़ता गया. बता दें कि पिछले 3 दिनों से डोंगरगढ़ से लेकर डोंगरगांव में बारिश जारी है. आज भी सुबह से रुक रुककर बारिश हो रही है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें. अधिकारियों के अनुसार भूमि धंसाव के कारणों की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना किस वजह से हुई.

