ललितपुर के सूखे कुएं में मिली महिला की लाश; जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 10:21 AM IST
ललितपुर: जिले के मड़ावरा तहसील क्षेत्र के ग्राम गिरार में राम जानकी मंदिर के पास स्थित सूखे कुएं में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला है. ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस द्वारा शव को बाहर निकलवाया गया.
शव की शिनाख्त के लिए तलाशी ली गई, तब महिला का आधार कार्ड और कुछ प्रार्थना पत्र मिले. इसके आधार पर महिला की शिनाख्त चिरई (55) पत्नी स्व. सुखदीन निवासी ग्राम छिल्ला, कोतवाली महरौनी के तौर पर हुई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कुएं में मिली महिला की लाश काफी क्षत-विक्षत हो गई थी. यह शव लगभग चार-पांच दिन पुराना लग रहा था. हालात को देखते हुए मृतका किसी हादसे, आत्महत्या अथवा किसी अपराध का शिकार हुई लगती है. यह अभी जांच की जा रही है.
सबसे बड़ा सवाल है कि महिला अपने घर से इतनी दूर कैसे पहुंची. कई दिनों से नदारद रही लेकिन परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई. महिला की मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
छिल्ला निवासी ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, चिरई के पति की मौत तीन वर्ष पहले हो गई थी. परिवार में बेटियों के विवाह हो चुके हैं. उनका एक बेटा है, जो अपने परिवार समेत अलग रहता है.
महिला चिरई गांव के पुराने घर में अकेली रहती थी. वह पागलपन के फेर में अक्सर यहां-वहां चली जाती थी. बताया गया है कि कुछ दिन पहले वह बागेश्वर जाने की रट लगाए थी.
थाना प्रभारी गिरार हरिशंकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. मृतका के परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है.
यह भी पढ़ें: यूपी कैबिनेट की आज अहम बैठक, शाहजहांपुर का जलालाबाद अब कहलाएगा 'परशुरामपुरी'

