ETV Bharat / state

पूर्व बीजेपी विधायक के बिगड़े बोल, कहा-मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में पड़ेंगे कीड़े

लक्सर के पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता विवादित बयान से राजनीति तेज हो गई है.

Former BJP MLA Sanjay Gupta
लक्सर पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 21, 2026 at 9:14 AM IST

|

Updated : August 21, 2026 at 12:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लक्सर: हरिद्वार के लक्सर विधानसभा क्षेत्र में बीते दिन पूर्व भाजपा विधायक के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता जुटे. कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी समेत कई भाजपा नेता और समर्थक मौजूद रहे. इस दौरान पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं, लेकिन भाषण के दौरान उत्साह में उनके मुंह से निकली एक टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए पानी की टंकियों का निर्माण कराया और लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया. पहले 20 फीट पर निकला गंदा पानी मिलता था, लेकिन उन्हें जनता को साफ पानी दिया. अपने कामों को गिनाते हुए वह काफी उत्साहित नजर आए.

पूर्व बीजेपी विधायक के बिगड़े बोल (Video-ETV Bharat)

इसी दौरान उन्होंने मतदाताओं से जुड़ी बात कहते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे. उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी यह बयान चर्चा का विषय बन गई. हालांकि उन्होंने यह बात किस संदर्भ में कही, इसे लेकर समर्थकों की ओर से अलग अलग-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक ने अपने राजनीतिक कार्यकाल और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा.

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई काम किए गए. कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेताओं और समर्थकों ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी समेत कई भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही.

पूर्व विधायक संजय गुप्ता का बयान सामने आने के बाद अब राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. खासतौर पर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनके इस बयान को लेकर तरह तरह के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं. जिसके बाद सोशल मीडिया पर तेजी से उनका वीडियो वायरल हो रहा है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है.

संजय गुप्ता साल 2012 के विधानसभा चुनाव में लक्सर सीट से पहली बार विधायक चुने गए. जिसके बाद साल 2017 के विधानसभा चुनाव में वे लगातार दूसरी बार इसी सीट से विजयी होकर विधायक बने. लेकिन साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा. बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद शहजाद ने इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की थी.

लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता के कार्यकाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए कार्य किए गए थे. उन्होंने अपने कार्यकाल (2012–2022) में सामान्य विकास कार्यों के तहत महतौली समेत लक्सर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में सड़क, बिजली और पेयजल (पानी) की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास और कार्य करवाए थे.

पढ़ें-

Last Updated : August 21, 2026 at 12:35 PM IST