विजय सिन्हा बोले- 'मदद कर दीजिएगा' DM ने कहा- 'हां-हां करेंगे..' लखीसराय भगदड़ मामले में भड़के प्रशांत किशोर
बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर लखीसराय पहुंचे और अशोक धाम में हुई भगदड़ के पीड़ितों से मिले. गोपाल प्रसाद आर्या की रिपोर्ट

Published : August 18, 2026 at 3:05 PM IST
लखीसराय : सावन की तीसरी सोमवारी (17 अगस्त) पर प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में हुए हादसे के बाद मंगलवार को जन सुराज के संयोजक सह बांकीपुर के नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर लखीसराय पहुंचे. उन्होंने अस्पतालों में जाकर घायलों का हाल जाना. इसके बाद हलसी प्रखंड के प्रतापपुर गांव जाकर हादसे में जान गंवाने वाली तीन महिलाओं के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी.
प्रशांत किशोर का लखीसराय विधायक पर हमला : प्रशांत किशोर ने इस दौरान लखीसराय के विधायक व बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा पर जमकर हमला किया और कहा कि मौके पर आए और खानापूर्ति करके चले गए. प्रशांत किशोर ने कहा कि इस पूरे मामले में ऐसा लग रहा है कि प्रशासन ने वैसी गंभीरता नहीं दिखाई जो उनको दिखानी चाहिए थी. क्योंकि अशोक धाम में श्रावणी मेले के दौरान भीड़ होती ही है और सोमवार को और अधिक भीड़ होती है.
"प्रशासन ने जैसी व्यवस्था करनी चाहिए थी, वैसी नहीं की. लोगों की शिकायत यहां के एसपी से भी है. उनका कहना है कि एसपी यहां फुल टाइम नहीं रहते हैं. कल यहां विजय सिन्हा आए थे. भारत सरकार के मंत्री ललन सिंह का भी ये क्षेत्र है. बिहार में कोई भी घटना होती है तो चंद पैसों से मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है. अभी तक किसी प्रशासनिक अफसर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है."- प्रशांत किशोर, विधायक, बांकीपुर
किसी को भी नहीं किया गया निलंबित- PK : पीके ने कहा, डीएम, एसपी, एसडीएम, डीएसपी, थानेदार किसी पर कार्रवाई नहीं की गई है. सात लोगों की मौत हुई है, कई घायल हैं, लेकिन अभी तक एक भी हवलदार कॉन्सटेबल तक निलंबित नहीं हुआ है. बस आपदा कोष से कुछ पैसे दे दिए और लोगों की जान की कीमत 4 लाख लगा दिए और जो घायल हुआ उसको 10-20 हजार देकर मामला रफा-दफा हो गया.

PK का प्रशासन से सवाल : प्रशांत किशोर ने प्रशासन की संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सावन में होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर तैयारी नहीं की गई थी. घटना के बाद किसी दोषी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही जवाबदेही ही तय की गई. सिर्फ खानापूर्ति के लिए जांच के आदेश दे दिए गए. कौन जांच कर रहा है? किस विषय पर और किसकी जांच कर रहा है? किसी को कुछ नहीं मालूम है.
सरकारी अस्पतालों की बदइंतजामी पर PK : विधायक प्रशांत किशोर ने सरकारी अस्पतालों की बदइंतजामी को लेकर भी हमला किया है. उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण घायल खुद ही प्राइवेट अस्पतालों में चले गए. घायलों ने बताया कि उन्हें अभी तक प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली है. विजय सिन्हा ने मौखिक तौर पर डीएम को कह दिया कि आप इनलोगों को मदद करिएगा. डीएम ने भी मंत्री महोदय के सामने कह दिया कि हां-हां करेंगे.
तीन बिंदुओं पर सवाल और मांग : कुल तीन बिंदुओं पहला व्यवस्था की कमी, दूसरी घटना के बाद की अव्यवस्था और तीसरी अबतक किसी पर भी कोई कार्रवाई नहीं करने पर प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरा है. उन्होंने सरकार पर जनता का पैसा बांटकर जवाबदेही पूरी करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद घायलों के चिकित्सा की कोई व्यवस्था नहीं की गई. पीके ने कहा कि घायलों ने कहा कि सदर अस्पताल में दम घुट रहा था. पंखा तक नहीं है. हमारी मांग है कि दोषियों, अफसरों पर कार्रवाई हो.

लखीसराय भगदड़ मामला: सोमवार को लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के दिन भगदड़ मच गई थी. इस भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हुए हैं. इस घटना के बाद प्रशांत किशोर ने प्रशासनिक बदइंतजामी का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है.
ये भी पढ़ें
'जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई' लखीसराय भगदड़ पर बोले मंत्री विजय कुमार सिन्हा
'मेरी तीन भाभी मर गयी..' कावित्री देवी ने बताया अशोक धाम भगदड़ का खौफनाक सच

