'जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई' लखीसराय भगदड़ पर बोले मंत्री विजय कुमार सिन्हा
लखीसराय अशोक धाम भगदड़ मामले में सरकार ने जांच आदेश दी है. घटना में कुल 7 महिलाओं की मौत हुई है.

Published : August 17, 2026 at 1:46 PM IST
पटना: बिहार के लखीसराय अशोक धाम में भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत हो गयी. इस घटना के बाद सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं. बिहार कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि, इसकी जांच के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. सीएम सम्राट चौधरी को भी इसकी जानकारी दी गयी है.
'जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई' : लखीसराय भगदड़ पर बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं भी वहां जा रहा हूं. यह घटना मंदिर परिसर के बाहर एक खंभे और बिजली के तारों के गिरने के बाद हुई. लोगों ने अफवाह फैला दी कि बिजली का करंट दौड़ रहा है, जिससे भगदड़ मच गई."
''हमने जिला मजिस्ट्रेट और मंदिर प्रशासन से बात की है. हम हालात का जायजा लेने वहां जा रहे हैं. घटना की जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी. मैंने मुख्यमंत्री से भी बात की है. हमने प्रशासन को निर्देश दिया है कि मेडिकल इंतजामों को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाए.'' - विजय कुमार सिन्हा, मंत्री, बिहार सरकार
'5 बजे के बाद हुआ हादसा' : विजय कुमार सिन्हा आगे ने बताया कि सुबह 5 बजे बात हुई थी, उस समय तक सारी स्थिति सामान्य थी. हमारी तरफ से अशोक धाम में एक राहत शिविर चलाया जाता है. मैंने वीडियो कॉल करके देखा था, सब सामान्य स्थिति थी. यह 6-6.30 बजे के बाद की घटना है. पीड़ितों में अधिकतर स्थानीय लोग हैं. पीड़ित परिवार को निश्चित रूप से सहायता दी जाएगी और सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी.
अशोकधाम भगदड़, मुआवजे का ऐलान : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ट्वीट किया, "लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा. दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है."
लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 17, 2026
दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।🙏
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने व्यक्त किया शोक : इस बीच, बिहार के लखीसराय जिले के अशोकधाम मंदिर में सोमवार को हुई भगदड़ को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "बिहार के लखीसराय जिले में भगदड़ की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं."
बिहार के लखीसराय जिले में भगदड़ की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।
— President of India (@rashtrapatibhvn) August 17, 2026
पीएम बोले- मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "बिहार के लखीसराय में भगदड़ से हुई मौतों से दुखी हूं. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. घायल लोग जल्द स्वस्थ हों. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है."
Pained by the loss of lives due to a stampede in Lakhisarai, Bihar. My thoughts are with the bereaved families in this hour of grief. May the injured recover at the earliest. The local administration is assisting those affected: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) August 17, 2026
लखीसराय भगदड़ में 7 लोगों की मौत : बिहार के लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी पर भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए. मृतकों में बड़हिया वार्ड 12 लखीसराय निवासी मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, फरदा मुंगेर के रहने वाली रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, लखीसराय के हलसी की रहने वाली हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है.

इसके अलावे ललिता देवी (50), पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, सविता कुमारी (35), पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, सरोज देवी (65), पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना, सावित्री देवी (49), पति मोहन यादव, चननिया, लखीसराय के रूप में हुई है. इसके अलावे 25 लोग गायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है. कहा जा रहा है कि वहां बिजली का एक खंभा गिर गया और लोग बिजली की चपेट में आ गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

हादसे पर क्या बोले लखीसराय DM? : लखीसराय जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा, "श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी. हॉल्ट पर दो ट्रेनें रुकी हुई थीं. अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। यह खंभा पुरुषों की लाइन के ओर था. खंभा गिरने पर अफ़वाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का तार (लाइव वायर) गिर गया है, लेकिन वह केबल वायर था. इससे बाईं ओर महिलाओं की लाइन पर दबाव बन गया. इस वजह से महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं.
''पुलिस प्रशासन सुबह 3 बजे से ही वहां गश्त कर रहा था. यह सब अचानक 2 मिनट के अंदर हुआ. हम अभी सदर अस्पताल में हैं. मरने वाली सभी महिलाएं हैं. हम मरने वालों की सही संख्या का पता लगा रहे हैं." - शैलेंद्र कुमार, जिलाधिकारी, लखीसराय
ये भी पढ़ें:
- बिहार: लखीसराय अशोक धाम मंदिर में भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत, राष्ट्रपति और PM ने जताया दुख
- 'मेरी तीन भाभी मर गयी..' कावित्री देवी ने बताया अशोक धाम भगदड़ का खौफनाक सच
- जिस अशोकधाम में मची भगदड़, वहां गिल्ली-डंडा खेलते वक्त मिला था शिवलिंग.. जानिए इंद्रदमेश्वर महादेव की कहानी
- बिहार के अशोक धाम से पहले यहां भी मची थी भगदड़, जानें देश में इससे पहले कब और कहां हुई घटनाएं?

