यूपी लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष बोले- "CM YOGI के जापान दौरे से एमएसएमई सेक्टर को मिलेगा लाभ"
लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक कारीवाल सोमवार को गोरखपुर पहुंचे

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 4:10 PM IST
गोरखपुर : लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक कारीवाल सोमवार को गोरखपुर पहुंचे. उनका मानना है कि जापान का साथ मिलने से प्रदेश का सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सेक्टर और सुदृढ़ होगा और इससे रोजगार सृजन में भी प्रदेश ऊंची छलांग लगाएगा.
प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान जापान की तरफ से उत्तर प्रदेश सरकार को एमएसएमई क्षेत्र में तकनीक हस्तांतरण, कौशल विकास, संयुक्त उपक्रम, सप्लाई चेन एकीकरण, ऑनलाइन सेलिंग में सक्रिय साझेदारी करने का प्रस्ताव दिया जाना राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण है. जापान की यह पहल यूपी को औद्योगिक हब और वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सीएम योगी के प्रतिबद्ध प्रयासों का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि सीएम ने कानून व्यवस्था और उद्यमियों को प्रोत्साहन देकर प्रदेश के प्रति देश और दुनिया के लोगों की जो धारणा बदली है, उसके चलते जापान के प्रमुख उद्योगपतियों ने कृषि मशीनरी, ऑटो व कंपोनेंट्स, सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायो गैस, लाजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग के क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताई है.
उन्होंने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में आपसी समझौते के अनुसार यामानाशी हाइड्रोजन कंपनी, आईआईटी कानपुर को नोडल बनाकर आईआईटी बीएचयू और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के सहयोग से ग्रीन हाइड्रोजन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी.
उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत भारतीय छात्रों को जापान में प्रशिक्षण मिलेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विदेश दौरे से प्रदेश के औद्योगिक विकास को एक नई गति मिलेगी. इसका फायदा गोरखपुर को भी मिलेगा.
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में औद्योगिक माहौल बदला है. यह सब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा उद्योगों को सुरक्षा का माहौल देने और अपराध पर नियंत्रण करने से संभव हुआ है, जो पहले नहीं था. पूरब से लेकर पश्चिम तक यानी कि पूर्वांचल में गोरखपुर उद्योगों का क्षेत्र बन रहा है.
उन्होंने कहा कि यहां नित नए बड़े उद्योगों की स्थापना का रास्ता खुल रहा है तो, नोएडा- ग्रेटर नोएडा के साथ अब जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में भी उद्योग पनपेंगे जो यूपी के आर्थिक ढांचे को मजबूत करते हुए, भारत को दुनिया में आर्थिक शक्ति बनाने में अपना बड़ा योगदान देंगे.

