छोटी काशी में निकली परंपरागत लघु जलेब, कल से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव
शिवरात्रि पर राज माधव राय मंदिर से बाबा भूतनाथ मंदिर तक निकली, हवन-पाठ व पूजन के साथ मनाया गया महापर्व.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 15, 2026 at 1:31 PM IST
मंडी: छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध मंडी में महाशिवरात्रि का पावन पर्व इस साल भी परंपराओं, श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया. तड़के से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा नगर शिवमय वातावरण में डूबा नजर आया. इस अवसर पर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए राज माधव राय मंदिर से बाबा भूतनाथ मंदिर तक लघु जलेब निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
डीसी मंडी ने किया विधिवत पूजन
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने सबसे पहले राज माधव राय मंदिर के बाहर स्थित प्राचीन हवन कुंड में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पाठ और पूजन किया. इसके बाद उन्होंने छोटी काशी के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया. धार्मिक अनुष्ठानों के बाद डीसी मंडी दोबारा राज माधव राय मंदिर पहुंचे और वहां से लघु जलेब के साथ बाबा भूतनाथ मंदिर पहुंचे. मंदिर परिसर में चल रहे हवन-पाठ में पूर्णाहुति डालकर उन्होंने जिले, प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की.
कल से शुरू होगा 7 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव
इस अवसर पर डीसी मंडी ने सभी श्रद्धालुओं को अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने बताया कि कल यानी 16 फरवरी से छोटी काशी मंडी में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है. इस महोत्सव का उद्घाटन डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री करेंगे. उद्घाटन दिवस पर दोपहर बाद राज माधव राय मंदिर से भव्य जलेब निकाली जाएगी, जो पड्डल मैदान में जाकर संपन्न होगी.

"इस बार शिवरात्रि महोत्सव को विशेष बनाने के लिए मंडी नगर की स्थापना के 500 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास को सांस्कृतिक झांकियों और कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शाने का प्रयास किया जा रहा है. ऐसे में लोगों से अपील है कि वे इस ऐतिहासिक और धार्मिक महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर छोटी काशी की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाएं." - अपूर्व देवगन, डीसी मंडी
काशी से आए पंडित करेंगे ब्यास आरती
डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि पिछले साल की तरह इस साल भी ब्यास आरती का आयोजन किया जा रहा है. यह भव्य आरती आज शाम को पंचवक्त्र मंदिर के प्रांगण में ब्यास नदी के तट पर आयोजित की जाएगी, जिसे काशी से आमंत्रित पंडितों द्वारा संपन्न कराया जाएगा. इसके साथ ही शिव तांडव नृत्य और आकर्षक लेजर शो भी दर्शकों के लिए प्रस्तुत किए जाएंगे. महाशिवरात्रि के साथ शुरू होने जा रहा ये अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी जिले में आस्था, संस्कृति और पर्यटन को नई ऊंचाइयां देने वाला सिद्ध होगा.

