ETV Bharat / state

रुपये के विवाद में मजदूर पर जानलेवा हमला, तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मामूली पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मजदूरी के 2 हजार रुपये मांगने पर ठेकेदार और उसके बेटों पर आरोप लगा है.

Kotwali Transit Camp
कोतवाली ट्रांजिट कैंप (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 9, 2026 at 9:56 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: जनपद स्थित ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में मारपीट और जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है. संजय नगर खेड़ा वार्ड नंबर 11 निवासी आरती मंडल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र रोहित मंडल ने लगभग ढाई महीने पहले ठेकेदार भरत अधिकारी के अधीन पेंट का काम किया था, जिसके बदले उसे दो हजार रुपये मिलने थे. लेकिन रुपए मांगने के एवज में मारपीट की गई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

आरोप है कि ठेकेदार लंबे समय से पैसे देने में टालमटोल कर रहा था. इसी सिलसिले में 8 अप्रैल की सुबह आरती मंडल के पति गणेश मंडल ठेकेदार के घर अपने बेटे की मजदूरी लेने पहुंचे. वहां पहले ठेकेदार के बड़े बेटे ने उन्हें धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया. तहरीर के अनुसार, इसके बाद ठेकेदार भी मौके पर आ गया और उसने गणेश मंडल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.

किसी तरह गणेश मंडल वहां से निकले, लेकिन आरोप है कि रास्ते में संजय नगर खेड़ा क्षेत्र में भरत अधिकारी, सूरज अधिकारी और शिवम अधिकारी ने उन्हें घेर लिया और फिर से बुरी तरह पीटा. पीड़िता के अनुसार, हमले के दौरान सूरज अधिकारी ने गणेश मंडल का सिर पास में खड़े खंभे पर दे मारा, जिससे उनके सिर में गंभीर खुली चोट आई और कान का पर्दा भी फट गया. इसके अलावा उनके सीने में भी गंभीर चोटें आई हैं. घायल अवस्था में उन्हें पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. बाद में परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल, गौतम हॉस्पिटल में लेकर गए, जहां उनका इलाज जारी है. आरती मंडल ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके पति की जान लेने की कोशिश की है और यदि उन्हें कुछ भी होता है तो इसके लिए वही तीनों जिम्मेदार होंगे.

उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

पढे़ं-