ETV Bharat / state

कुरुक्षेत्र CIA 2 टीम की बड़ी कार्रवाई: 51 केन में भरी कच्ची शराब जब्त, आरोपी फरार

कुरुक्षेत्र के किरमच गांव नहर के पास से पुलिस ने 750 लीटर अवैध शराब बरामद किया है.

Kurukshetra illegal liquor bust
कुरुक्षेत्र CIA 2 टीम की बड़ी कार्रवाई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : January 7, 2026 at 11:33 AM IST

|

Updated : January 7, 2026 at 12:18 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के गांव किरमच के खेतों के पास नहर के बगल में पुलिस को अवैध शराब की बड़ी खेप मिली है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. CIA 2 टीम ने मौके से 51 प्लास्टिक की केन में भरी हुई 750 लीटर कच्ची शराब जब्त की. बरामद शराब को तुरंत पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

CIA 2 टीम ने दी जानकारी: इस पूरे मामले में CIA 2 के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि, " हमें सूचना मिली थी कि गांव किरमच के डेरे में अवैध शराब बनाई जा रही है. सूचना पाकर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और खेतों के पास 51 केन में लाहन(कच्ची शराब) बरामद किया. यह काफी बड़ी मात्रा में अवैध शराब थी और इसमें यूरिया या अन्य केमिकल मिलाए गए थे. कई केन में उबाल भी आया हुआ था."

Kurukshetra illegal liquor bust
कुरुक्षेत्र CIA 2 टीम की कार्रवाई (ETV Bharat)

पुलिस ने की छापेमारी: मोहन लाल ने बताया कि "लाहन बरामद होने के बाद पुलिस ने आसपास पूछताछ के दौरान यह पता लगाया कि गांव किरमच निवासी बलकार सिंह अवैध शराब बेचने में शामिल है. इसके बाद पुलिस ने बलकार सिंह के घर पर छापेमारी की. हालांकि वो घर पर नहीं मिला. वो अपने घर का ताला लगाकर फरार हो गया था. इससे पहले भी बलकार सिंह के घर से इसी तरह की अवैध शराब बरामद हो चुकी है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. आसपास के खेतों और डेरे वालों से भी पूछताछ की जा रही है."

51 केनियों में भरी अवैध लाहन जब्त (ETV Bharat)

जांच में जुटी पुलिस: CIA 2 टीम ने बरामद लाहन को पराली और कंबल से ढककर सुरक्षित किया. पुलिस ने आदर्श थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई समय रहते की गई, वरना शराब पूरी तरह तैयार होने वाली थी और गंभीर दुष्प्रभाव पैदा कर सकती थी.

आवासीय क्षेत्र में अलर्ट: इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने बताया कि ऐसे अवैध शराब के उत्पादन और बिक्री के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. अभियान जारी रहेगा और आरोपी को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है. यह कार्रवाई अवैध शराब के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है.

ये भी पढ़ें:फरीदाबाद गैंगरेप मामला: ट्रैफिक पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, निजी और सरकारी एम्बुलेंसों की जांच की

Last Updated : January 7, 2026 at 12:18 PM IST