कुरुक्षेत्र में तेज आवाज़ में गाना बजाने से रोकने पर फायरिंग, पीएसओ ने युवक को मार दी गोली
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में तेज़ आवाज़ में गाने चलाने को लेकर विवाद के दौरान गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

Published : February 10, 2026 at 9:01 PM IST
कुरुक्षेत्रः जिले के शाहाबाद में एक निजी होटल में गोली चलने का मामला सामने आया है. महफूज नाम के एक व्यक्ति को पेट में गोली लगी है. गंभीर हालत को देखते हुए उसे कुरुक्षेत्र के एलएनजीपी हॉस्पिटल रेफर किया गया था.
पुलिस ने परिवार को दी सूचनाः घायल युवक के भाई अमित ने बताया कि "उसके भाई की उम्र करीब 21 वर्ष है. वो अपने दोस्तों के साथ होटल में रुका था. वहां पर साथ वाले कमरे में रह रहे व्यक्ति के साथ रात को तेज आवाज पर गाने चलाने को लेकर विवाद हुआ. घटना करीब रात 11:30 की है, जबकि उन्हें पुलिस के द्वारा 2:00 बजे के करीब सूचना दी गई." घायल युवक के भाई के अनुसार फिलहाल घायल की हालत गंभीर बनी हुई है.
क्या बोले थानाध्यक्षः जगदीश सिंह थाना प्रभारी शाहाबाद ने बताया कि "जानकारी के अनुसार घायल युवक अपने दो-तीन दोस्तों के साथ होटल में रुका था. वहीं साथ वाले कमरे में गुरुदेव नाम का एक व्यक्ति जो किसी अन्य व्यक्ति के पास प्राइवेट PSO का काम करता था, वो अपने कमरे में तेज आवाज में गाना चला रहा था. घायल द्वारा आवाज कम करने को कहने पर कहा-सुनी हुई, जिसके बाद गुरुदेव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी जिसके बाद गोली युवक के पेट में लगी, और वो घायल हो गया. फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है."




