दुबई भागने की फिराक में था नशा तस्कर, कुल्लू पुलिस ने एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार
नशा तस्करी मामले में कुल्लू पुलिस ने एक आरोपी को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया. आरोपी दुबई भागने की फिराक में था.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 3:44 PM IST
कुल्लू: जिला कुल्लू के भुंतर पुलिस थाना में 29 जनवरी को धारा 21 एवं 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया था. उस मामले में भुंतर पुलिस की टीम ने दो आरोपियों गुरवेन्द्र (22 वर्ष) और हरमन सिंह (22 वर्ष) के कब्जे से 29 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था, लेकिन जब पुलिस टीम ने जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ की तो यह तथ्य सामने आया कि बरामद हेरोइन उन्होंने पुनीत कुमार उर्फ पैरी (26 वर्ष) से 31,500 रुपए में खरीदी थी. पुलिस जांच में पता चला कि तीनों आरोपी पंजाब के जिला संगरूर के रहने वाले हैं.
दुबई भागने की फिराक में था नशा तस्कर
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया, 'दोनों आरोपियों के इस खुलासे के आधार पर आरोपी पुनीत कुमार उर्फ पैरी की तलाश की गई, जो अपने निवास स्थान से फरार पाया गया था. पुलिस की जांच के दौरान उन्हें सूचना मिली और सूचना के आधार पर आरोपी विदेश भागने की आशंका के चलते उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया. जिसके बाद 19 फरवरी को भुंतर पुलिस की टीम ने आरोपी को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGIA) नई दिल्ली में इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा दुबई जाने के प्रयास के दौरान रोक लिया गया'.
एसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर भुंतर थाना लाया गया और अब इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिला पुलिस कुल्लू आमजन से अपील करती है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें.
हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
वहीं, कुल्लू पुलिस की टीम ने हीरोइन तस्करी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की टीम ने हेरोइन को अपने कब्जे में ले लिया है और अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने जा रही है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया, 'दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना भुंतर में धारा 21, 25 एवं 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई है. बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन एवं नेटवर्क की पहचान के लिए आरोपियों से पूछताछ जारी है'.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना भुंतर की टीम को सियुड-मणिकर्ण रोड पर गश्त के दौरान ब्यास नदी की ओर सड़क किनारे एक संदिग्ध ऑल्टो कार (HP-34C-5697) खड़ी मिली. पुलिस को वाहन में बैठे युवकों की गतिविधियों पर शक हुआ. ऐसे में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार राजेश कुमार (33 वर्ष) और आशिष (40 वर्ष) के पास से 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ. ड्राइवर राजेश कुमार वाहन के वैध कागजात पुलिस को नहीं दे पाया. जिसके बाद पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया.
ये भी पढ़ें: बीमारी की छुट्टी लेकर घूमने निकल गए अफसर और कर्मचारी, नायब तहसीलदार तलब, 9 को नोटिस

