ETV Bharat / state

कुल्लू पैराग्लाइडिंग हादसा: हार्नेस खुलने से आसमान से गिरा सैलानी, गंभीर हालत में PGI रेफर

कुल्लू पैराग्लाइडिंग हादसे में एक सैलानी बुरी तरह से घायल हो गया है.

Kullu Paragliding Accident
कुल्लू पैराग्लाइडिंग हादसा (File Photo)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 29, 2025 at 10:00 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में पैराग्लाइडिंग हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. कुल्लू जिले की गड़सा घाटी से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां पैराग्लाइडिंग के दौरान एक सैलानी हादसे का शिकार हो गया. सैलानी को पहले इलाज के लिए ढालपुर अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सैलानी को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया. मामले की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की छानबीन में जुट गई.

मुंबई का रहने वाला है युवक

एसपी कुल्लू मदनलाल कौशल ने बताया कि गड़सा घाटी के पास जब सैलानी पैराग्लाइडिंग कर रहा था तो अचानक आसमान में पैराग्लाइडर का हार्नेस खुल गया. जिसके चलते पैराग्लाइडर नीचे आ गिरा. हादसे में घायल सैलानी की पहचान दिव्य प्रजापति,निवासी- मुंबई, महाराष्ट्र के रूप में हुई है. कुल्लू पुलिस के मुताबिक पैराग्लाइडिंग के दौरान तकनीकी चूक और लापरवाही के चलते सैलानी करीब 70 से 80 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया. इस हादसे में सैलानी को गंभीर चोटें आई हैं.

गंभीर हालत में पीजीआई रेफर

हादेस के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल युवक को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया. जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, युवक को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

"पैराग्लाइडिंग हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है. अगर इसमें पायलट की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पैराग्लाइडिंग पायलट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 के तहत थाना भुंतर में मामला दर्ज कर लिया है." - मदनलाल कौशल, एसपी कुल्लू

ये भी पढ़ें: बीड़ बिलिंग में फिर पैराग्लाइडिंग हादसा, पायलट की दर्दनाक मौत, 2025 में तीन पायलटों की गई जान