कुल्लू में कूड़े के ढेर से पर्यटकों का स्वागत! स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, चुनावी बहिष्कार की दी चेतावनी
कुल्लू में कूड़े की डंपिंग साइट बनाए जाने पर लोगों में आक्रोश, बदबू और गंदगी से परेशान लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 17, 2026 at 5:07 PM IST
|Updated : April 17, 2026 at 5:16 PM IST
कुल्लू: जिला कुल्लू में नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर 3 में बनाई गई कूड़े की डंपिंग साइट को लेकर अब स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा है. इस कूड़े की डंपिंग साइट को उठाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल आज डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा से मिला. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस डंपिंग साइट को यहां से नहीं हटाया गया तो आगामी नगर परिषद चुनाव का वार्ड नंबर 3 की जनता की ओर से बहिष्कार किया जाएगा.
"अगर यहां पर कूड़े की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी समय में कोई भी वोट नहीं देगा और वार्ड नंबर 3 की सारी जनता द्वारा चुनावों का बहिष्कार किया जाएगा." - संजय कपूर, स्थानीय निवासी
शहर के बीचों-बीच बनाई डंपिंग साइट
डीसी कुल्लू से मिलने आए नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर 3 के स्थानीय लोगों ने बताया कि कुल्लू शहर के बीचो-बीच जहां से बस अड्डा, सरकारी अधिकारियों के दफ्तर, पार्क और लोगों के आने-जाने का रास्ता है, वहीं पर ही बीचो-बीच सरवरी नदी के पास कूड़े की डंपिंग साइट बनाई गई है. ऐसे में एक ओर जहां इससे नदी दूषित हो रही है, तो वहीं आसपास के क्षेत्रों में बदबू फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यहां पर बनाई गई डंपिंग साइट को जल्द से जल्द यहां से हटाया जाए, ताकि लोगों को और दिक्कतों का सामना न करना पड़े.
नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर 3 के स्थानीय निवासी आदित्य अवस्थी ने कहा, "यहां पर बीते कई सालों से लगातार आश्वासन ही दिया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई भी समाधान नहीं हुआ है. कूड़े की डंपिंग साइट को शहर के बीचों-बीच बनाया गया है, जिससे पूरे इलाके में बदबू फैल रही है. यहां पर आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. यहीं से ही बस अड्डे के लिए भी रास्ता जाता है. ऐसे में कुल्लू में आने वाले पर्यटकों का स्वागत भी गंदगी के ढेर से हो रहा है. इसलिए इस साइट को जल्द यहां से हटाना चाहिए."

'पार्क में बैठना, बच्चों का खेलना भी हुआ दुश्वार'
स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर इस डंपिंग साइट को यहां से नहीं हटाया गया तो वार्ड नंबर 3 की जनता आने वाले नगर परिषद चुनाव का बहिष्कार करेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपिंग साइट के चलते यहां पार्क में कूड़े की बदबू के चलते लोगों का बैठना तक दुश्वार हो गया है, इससे बच्चे भी पार्क में खेलने के लिए नहीं आ सकते हैं. साथ ही दूसरी ओर भव्य आईएसबीटी बस अड्डा भी बनाया गया है. जहां पर विभिन्न व्यावसायिक दुकान हैं और खाने-पीने की चीजें भी बिकती है. ऐसे में अगर जल्द ही इन सब चीजों को ठीक नहीं किया गया तो आने वाले समय में यहां पर बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है.
'कूड़े की बदबू से बीमार हो रहे बच्चे'
वहीं, प्रतिनिधिमंडल के साथ आई आशा ठाकुर ने कहा कि यहां पर छोटे-छोटे बच्चे कूड़े की बदबू से बीमार हो रहे हैं. ऐसे में इस साइट को जल्दी यहां से हटाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यहां पर कूड़े की समस्या से सभी लोग परेशान हो रहे हैं और यहां आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग भी कूड़े के चलते दिक्कत का सामना कर रहे हैं. ऐसे में अगर कूड़े की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो लोग इसका विरोध करने से भी पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि डीसी कुल्लू ने आश्वासन दिया है कि जल्द इसका समाधान होगा.
डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र ने वार्ड 3 के लोगों को आश्वासन देते हुए कहा, "अब जल्द ही कचरे के लिए नई साइट देखी जाएगी और यहां पर से एमआरएफ साइट को भी हटाया जाएगा. प्रशासन इसके लिए लगातार काम कर रहा है, ताकि कुल्लू शहर को साफ सुथरा रखा जा सके."

