सरकारी स्कूल शिक्षक पर छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप, शिकायत न करने की दी धमकी
सरकारी शिक्षण संस्थान में शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 22, 2026 at 7:18 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरु और शिष्य के रिश्ते शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. बंजार उपमंडल के सैंज घाटी के शांघड़ के एक सरकारी शिक्षण संस्थान में शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है. सैंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
कुल्लू पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी को स्कूल के हिस्ट्री के प्रवक्ता ने 11वीं कक्षा की 3 छात्राओं को निजी काम के बहाने अपने कमरे में बुलाया. इस दौरान शिक्षक ने दो छात्राओं को रसोई में खाना बनाने के काम में लगा दिया. जबकि, तीसरी छात्रा को अपने कपड़े प्रेस करने के लिए कहा. इसी दौरान शिक्षक ने उस छात्रा के साथ कथित रूप से बुरा व्यवहार किया. साथ ही, छात्रा को इस बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई.
आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना के बाद पीड़ित छात्राओं ने साहस दिखाते हुए इस घटना की पूरी जानकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही सैंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने छात्राओं के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय अभिभावकों और निवासियों में भारी रोष देखने को मिला. स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
जांच में जुटी पुलिस
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि, "आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पूरा मामला बेहद संवेदनशील है. छात्राओं की सुरक्षा और गोपनीयता को प्राथमिकता दी जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश अमल में लाई जा रही है."
ये भी पढ़ें: मंदिर में रह रहे बाबा पर मासूम बच्चियों से अश्लील हरकत करने का आरोप, लोगों में भारी रोष
ये भी पढ़ें: नशे के नेटवर्क पर हिमाचल पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 96 तस्करों को भेजा जेल, अब नहीं मिलेगी बेल!

