क्रिसमस-न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बीच हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर, उपद्रवियों से सख्ती से निपटेगी पुलिस
क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए कुल्लू-मनाली तैयार है. पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 24, 2025 at 8:38 PM IST
कुल्लू: क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए पर्यटन नगरी कुल्लू-मनाली पूरी तरह तैयार है. पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी, होटल बुकिंग में तेजी और बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद से पूरे क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है. वीकेंड और छुट्टियों को देखते हुए सैलानियों का लगातार पहुंचना जारी है. इसी बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में आ गए हैं. पर्यटकों की सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल्लू पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं.
मनाली, कुल्लू, बंजार और मणिकर्ण में होगी तैनाती
कुल्लू पुलिस के अनुसार ये 300 जवान मनाली, कुल्लू, मणिकर्ण और बंजार के संवेदनशील इलाकों में तैनात किए गए हैं. खासतौर पर उन स्थानों पर पुलिस बल बढ़ाया गया है, जहां क्रिसमस और नए साल पर सैलानियों की सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ती है. इसका उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित माहौल देना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटना है.
एसपी कुल्लू मदनलाल ने कहा, "ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 300 जवानों की तैनाती की गई है. सैलानियों से अपील है कि वे केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें. सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थानों पर नशीली वस्तुओं का सेवन न करें. नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."
ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए खास प्लान
पुलिस का कहना है कि सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने पर खास ध्यान दिया जा रहा है. मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर ट्रैफिक जाम की समस्या न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात की गई है. प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और पर्यटन मार्गों पर जवान तैनात रहेंगे.
सड़क पर गश्त बढ़ी, हुड़दंगियों पर सख्ती
पुलिस ने सड़क पर गश्त भी बढ़ा दी है. शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने और सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. कुल्लू पुलिस को हाल ही में 8 नए वाहन भी मिले हैं, जिससे गश्त और निगरानी में तेजी आई है.
बढ़ी सैलानियों की संख्या, मनाली में भारी दबाव
पिछले एक सप्ताह से मणिकर्ण, बंजार और मनाली में सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मनाली में रोजाना 1000 से 1500 पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं, जबकि क्रिसमस और नए साल के दौरान यह संख्या 3000 से अधिक हो जाती है. दिल्ली से मनाली रोजाना 100 से ज्यादा वोल्वो बसें पहुंच रही हैं.
सोलंग नाला से अटल टनल तक उमड़ी भीड़
पर्यटक सोलंग नाला, रोहतांग दर्रा, अटल टनल होते हुए लाहौल घाटी तक घूमने का प्लान बना रहे हैं. इससे इन सभी पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले से रणनीति तैयार की है.
ये भी पढ़ें: क्रिसमस के रंग में रंगा शिमला, ऐतिहासिक क्राइस्ट चर्च में उमड़े श्रद्धालु, देर रात तक होंगी प्रार्थनाएं

