ETV Bharat / state

कुल्लू-केलांग के बीच फिर दौड़ी एचआरटीसी बस, लाहौल घाटी के लोगों को बड़ी राहत

सोमवार को कुल्लू से केलांग के लिए निगम की बस रवाना हुई, वहीं केलांग से भी एक बस कुल्लू के लिए भेजी गई.

KULLU KEYLONG BUS SERVICE
कुल्लू-केलांग के बीच फिर दौड़ी एचआरटीसी बस (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 16, 2026 at 3:56 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. कुल्लू से केलांग के बीच चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है. भारी बर्फबारी के कारण 22 जनवरी से यह बस सेवा बंद कर दी गई थी. सड़क पर जमी मोटी बर्फ की वजह से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया था, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.

BRO ने बहाल किया मार्ग

मनाली-केलांग सड़क मार्ग को खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन (BRO) ने लगातार बर्फ हटाने का कार्य किया. कई दिनों की मेहनत के बाद मार्ग को यातायात के लिए सुरक्षित बनाया गया. इसके बाद एचआरटीसी ने इस मार्ग पर बस का ट्रायल किया, जो सफल रहा. ट्रायल सफल होने के बाद सोमवार से नियमित बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया.

दोनों ओर से चली बसें

सोमवार को कुल्लू से केलांग के लिए निगम की बस रवाना हुई, वहीं केलांग से भी एक बस कुल्लू के लिए भेजी गई. दूसरी तरफ से भी बस सेवा बहाल कर दी गई है. बस सेवा बहाल होने से लाहौल घाटी के लोगों को बड़ी राहत मिली है. अब उन्हें निजी टैक्सियों में अधिक किराया देकर सफर नहीं करना पड़ेगा. छात्र, कर्मचारी और आम नागरिक अब सुरक्षित और सस्ती यात्रा कर सकेंगे.

एचआरटीसी के केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंकित शर्मा ने बताया कि कुल्लू-केलांग मार्ग पर बस सेवा बहाल कर दी गई है. घाटी के अन्य मार्गों से भी बर्फ हटाने का काम जारी है. जैसे ही सड़कें पूरी तरह सुरक्षित होंगी, वहां भी बसों का ट्रायल किया जाएगा. ट्रायल सफल रहने पर लाहौल घाटी के भीतर भी बस सेवा शुरू कर दी जाएगी. बस सेवा बहाल होने से लाहौल स्पीति में सामान्य जीवन पटरी पर लौटता दिख रहा है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में रंगीन क्रांति, कृषि विज्ञान केंद्र उगा रहा सेहत से भरपूर सब्जियां