ETV Bharat / state

HRTC ड्राइवर यूनियन ने भरी हुंकार, कहा- कर्मचारियों को हक चाहिए, समझौता नहीं

कर्मचारियों का कहना है कि, वे खैरात नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं.

HRTC Drivers Union Meeting in Kullu
हिमाचल पथ परिवहन निगम चालक यूनियन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 5:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल पथ परिवहन निगम चालक यूनियन (HRTC Drivers Union) में कार्यरत चालकों और कर्मचारियों ने निगम की बदहाल स्थिति, बसों की खराब हालत और कर्मचारियों की अनदेखी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. बार-बार हो रही अनदेखी के चलते अब कर्मचारियों का कहना है कि, वे खैरात नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं. कर्मचारी किसी भी प्रकार के समझौते के लिए तैयार नहीं हैं.

स्टाफ की कमी के कारण सड़कों पर खड़ी हैं बसें

एचआरटीसी चालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि, "निगम में दिन-रात सेवा देने वाले चालक आज भी बिना पर्याप्त छुट्टी के काम कर रहे हैं. निगम में कोई भी नई भर्तियां नहीं हो रही हैं, जिससे मौजूदा स्टाफ पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. स्टाफ की कमी के कारण आज कम से कम 100 बसें सड़कों पर खड़ी हैं और कई वाहनों की हालत ठीक नहीं है. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सेवा दोनों प्रभावित हो रही हैं."

HRTC ड्राइवर यूनियन की सरकार से मांग

प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ने कहा कि, "आज सरकार तबादलों के नाम से डरा कर कर्मचारियों की आवाज दबाने की कोशिश की जाती है. लेकिन, अब कर्मचारी डरने वाले नहीं हैं. क्योंकि HRTC हमारी मां है और इसे घाटे का बहाना बनाकर सरकार के द्वारा कमजोर न किया जाए. जब भी हम अपने अधिकारों की बात करते हैं तो कहा जाता है कि निगम घाटे में है. अगर सरकार बसों को सुचारू रूप से चलाने, रखरखाव सुधारने और स्टाफ की कमी दूर करने पर ध्यान दे तो एक साल में निगम फायदे में आ सकता है."

मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी

मान सिंह ने कहा कि, कर्मचारी किसी भी संगठन में रहें, लेकिन हमारी प्राथमिकता कर्मचारी हित ही होगी. हमें हमारे वैध अधिकार चाहिए. वर्तमान में निगम में चालक और परिचालक लगातार दबाव में काम कर रहे हैं. ऐसे में अब प्रबंधन और उच्च अधिकारियों को सिर्फ वेतन लेने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर हालात सुधारने की जरूरत है. कर्मचारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की है कि HRTC की वित्तीय स्थिति सुधारने और निगम नई भर्तियां करे. यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कर्मचारियों के द्वारा अब आंदोलन तेज किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: कौन हैं IPS अदिति सिंह? जिन्हें बार-बार छुट्टी लेने पर DGP ने सिखाया सबक

ये भी पढ़ें: अब खराब राशन की शिकायत होगी ऑनलाइन दर्ज, जल्द जारी होगा हेल्पलाइन नंबर